Mandi: अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में भाग लेने मंडी पहुंचे बड़ा देव कमरूनाग, राज माधोराय संग हुआ भव्य मिलन
punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 06:55 PM (IST)
मंडी (रजनीश): अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2026 में भाग लेने के लिए मंडी जनपद के आराध्य देव बड़ा देव कमरूनाग आज मंडी पहुंच गए। उनके आगमन के साथ ही महोत्सव के पारंपरिक कारज विधिवत प्रारंभ हो गए हैं।

राज माधोराय मंदिर में उपायुक्त एवं शिवरात्रि महोत्सव समिति के अध्यक्ष अपूर्व देवगन ने बड़ा देव कमरूनाग का विधिवत स्वागत किया और पूजा-अर्चना संपन्न की। इस अवसर पर बड़ा देव कमरूनाग का राज माधोराय के साथ भव्य मिलन भी हुआ। बड़ा देव कमरूनाग अब आगामी सात दिनों तक टारना माता मंदिर में विराजमान रहेंगे और भक्तजनों को आशीर्वाद देंगे। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि बड़ा देव कमरूनाग के आगमन के साथ ही पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हो जाती है। अन्य देवी-देवताओं का आगमन भी आरंभ हो चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि देवी-देवताओं के आशीर्वाद से महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न होगा।

उपायुक्त ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 16 से 22 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। इसमें जनपद के 216 देवी-देवताओं को आमंत्रित किया गया है। जिला प्रशासन ने महोत्सव को आकर्षक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। उन्होंने आमजन से महोत्सव में भाग लेकर देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया। इससे पूर्व अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेला कमेटी द्वारा गठित स्वागत समिति ने पुलघराट में बड़ा देव कमरूनाग का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर सर्व देवता समिति के प्रधान शिव पाल शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी हरीश कुमार सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

