ज्वालामुखी मंडल भाजपा में शास्त्री को छोड़कर सभी बहाल
punjabkesari.in Tuesday, Aug 17, 2021 - 10:31 AM (IST)

ज्वालामुखी (स.ह.) : ज्वालामुखी मंडल के सस्पैंड किए गए पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को आज पार्टी में बहाल किया गया है। केवल मात्र रामस्वरूप शास्त्री को बहाल नहीं किया गया है, बाकी सभी 11 पदाधिकारियों को पार्टी में मान सम्मान सहित शामिल कर लिया गया है, जिनमें सरिता धीमान को जिला भाजपा उपाध्यक्ष और जोगेंद्र कौशल को जिला भाजपा का सचिव बनाया गया है। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व संगठन मंत्री पवन राणा और भाजपा विधायक रमेश धवाला के बीच चल रही प्रत्यक्ष व परोक्ष रूप से जद्दोजहद के बीच विधायक के कट्टर समर्थक समाचार पत्रों में बयानबाजी पर उतर आए थे और उन्होंने सरकार व संगठन के प्रति नाराजगी जाहिर कर बयानबाजी कर डाली थी, जिस पर पार्टी हाईकमान ने ज्वालामुखी मंडल भाजपा के मंडल कार्यकारिणी व सभी मोर्चा प्रकोष्ठ को भंग कर दिया था।
उसके बाद धीरे-धीरे मंडल भाजपा को बहाल किया गया और उसके बाद पदाधिकारियों को बहाल किया गया, परंतु एक बात किसी के भी सिरे नहीं चढ़ी है कि केवल मात्र ज्वालामुखी से एक भाजपा नेता रामस्वरूप शास्त्री को बहाल नहीं किया गया है, जबकि वे शहरी भाजपा के अध्यक्ष और पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ में प्रदेश के सदस्य थे। उनकी बहाली न होने के पीछे कई सवालों को जन्म मिल गया है। इस संदर्भ में मंडल भाजपा अध्यक्ष मान चंद राणा ने कहा कि शीघ्र ही रामस्वरूप शास्त्री को भी अन्य भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं की तरह ही मान सम्मान सहित पार्टी में उनके कद के मुताबिक पद देकर सम्मानित किया जाएगा। विधायक रमेश धवाला ने कहा कि जिस तरह से अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं व नेताओं को पार्टी में शामिल किया गया है। रामस्वरूप शास्त्री को भी पार्टी में सम्मान सहित वापस लिया जाएगा और उनके कद के मुताबिक उन्हें बेहतर पदवी दिया जाएगा उनकी सेवाओं का अनादर नहीं होगा।