Una: अम्ब-ऊना रोड पर रफ्तार का कहर, टक्कर लगते ही हवा में उछलकर कार के बोनट पर गिरे पति-पत्नी और 7 साल का बेटा

punjabkesari.in Sunday, Aug 23, 2026 - 07:45 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अम्ब-ऊना मार्ग पर स्थित प्रताप नगर में शनिवार शाम एक सड़क हादसा पेश आया। यहां एक स्कूटी और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में स्कूटी सवार दंपति और उनका 7 वर्षीय बेटा घायल हो गए। गनीमत यह रही कि इतने भयंकर हादसे के बावजूद पूरे परिवार की जान बच गई। हादसे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वारयल हो रहा है, जिसमें टक्कर के दौरान पति-पत्नी और उनका बेटा स्कूटी से उछलकर कार के बोनट पर गिरते हुए दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुआ परिवार ऊना जिले के देहलां गांव का रहने वाला है। घायल लखविन्द्र (33) अपनी पत्नी मोनिका और 7 वर्षीय बेटे तेजस के साथ स्कूटी पर सवार होकर भंजाल की ओर जा रहे थे। जब वे अम्ब के प्रताप नगर पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे का मंजर इतना भयानक था कि टक्कर लगते ही स्कूटी सवार दंपति और उसका बेटा हवा में उछलकर सीधे कार के बोनट पर जा गिरे। 

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सिविल अस्पताल अम्ब पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया। हादसे में 7 वर्षीय बच्चे तेजस को गंभीर चोटें आई हैं। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए सिविल अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के लिए रैफर कर दिया, लेकिन परिजन बेहतर इलाज के लिए बच्चे को एक निजी अस्पताल में ले गए हैं, जहां उसका उपचार जारी है।

हादसे में घायल लखविन्द्र ने बताया कि टक्कर बहुत भयंकर थी, लेकिन भगवान का शुक्र है कि पूरे परिवार की जान बाल-बाल बच गई। वहीं, इस मामले में एक अहम पहलू यह है कि पीड़ित परिवार ने पुलिस कार्रवाई करवाने से साफ इंकार कर दिया है। पीड़ित पक्ष द्वारा कोई शिकायत न दिए जाने के कारण अम्ब पुलिस थाना में इस हादसे को लेकर फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News