Una: नाका तोड़ा...SHO को गाड़ी से मारी टक्कर, 14.5 ग्राम चिट्टे के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 11:53 AM (IST)

अम्ब (अश्विनी): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अम्ब थाना क्षेत्र में नशा तस्करों का एक बड़ा दुस्साहस सामने आया है। नकड़ोह में पुलिस नाके के दौरान चैकिंग से बचने के लिए कार सवार 2 तस्करों ने भागने का प्रयास किया और ड्यूटी पर तैनात थाना प्रभारी (एसएचओ) विपिन कुमार को गाड़ी से टक्कर मार दी। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा कर दोनों आरोपियों को गाड़ी सहित धर दबोचा। आरोपियों के पास और उनके घर से चिट्टा बरामद किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अर्जुन सिंह उर्फ जोनी निवासी वार्ड नंबर-4, कैलाश नगर, नकड़ोह और जसकीरत सिंह निवासी देवनगर, गगरेट के रूप में हुई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अम्ब पुलिस को नकड़ोह इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर एक गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी की हुई थी। चैकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध गाड़ी को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने की बजाय रफ्तार बढ़ा दी और सामने खड़े एसएचओ विपिन कुमार को टक्कर मारते हुए वहां से भागने का प्रयास किया। इस घटना में एसएचओ घायल हो गए, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया।

वाहन रोकने के बाद जब पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से 5.77 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों को तुरंत हिरासत में ले लिया। पूछताछ और जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी अर्जुन सिंह के नकड़ोह स्थित घर पर भी दबिश दी। घर की तलाशी के दौरान पुलिस को 8.73 ग्राम चिट्टा और बरामद हुआ।

डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के साथ-साथ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और पुलिस अधिकारी (एसएचओ) को गाड़ी से टक्कर मारकर जानलेवा हमला करने की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। घटना में घायल एसएचओ विपिन कुमार को उपचार के लिए सिविल अस्पताल अम्ब में भर्ती करवाया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। डीएसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को आज अदालत में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा ताकि इस ड्रग नैटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पर्दाफाश किया जा सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News