Una: अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत मामले पर प्रदर्शन, एम्बुलैंस में शव रखकर परिजनों ने किया चक्का जाम

punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 07:38 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): क्षेत्रीय चिकित्सालय ऊना में जच्चा-बच्चा की मौत के बाद उपजा विवाद शनिवार को भी जारी रहा। टांडा मेडिकल कॉलेज से पोस्टमार्टम के बाद ऊना पहुंची महिला की पार्थिव देह को एम्बुलैंस में ही रखकर परिजनों और ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ज्यों ही एम्बुलैंस ट्रैफिक लाइट चौक के पास पहुंची त्यों ही आक्रोषित ग्रामीणों व परिजनों ने उसे घेरकर चक्का जाम कर दिया।

इस दौरान काफी संख्या में पुलिस बल भी वहां तैनात किया गया था। सवा घंटे से अधिक समय तक यहां नारेबाजी हुई। परिजनों ने महिला स्त्री रोग विशेषज्ञ चिकित्सक के खिलाफ नारेबाजी की और उस पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। परिजन महिला चिकित्सक को नौकरी से बर्खास्त करने, उसे गिरफ्तार करने तथा यहां से तत्काल हटाए जाने की मांग कर रहे थे। मौके पर आक्रोषित लोगों को शांत करने के लिए एएसपी अजय राणा, एसएचओ गौरव भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी भी पहुंचे। काफी देर तक यहां हंगामा मचा रहा।

इस दौरान सभी सड़क पर लम्बा ट्रैफिक जाम लग गया। हालांकि पुलिस ने वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निर्धारित रूट्स पर भेज दिया। रैडलाइट चौक पर भी वाहन धीरे-धीरे पीछे हटकर वैकल्पिक मार्गों से अपने गंतव्य स्थानों की तरफ रवाना हो गए। रैडलाइट चौक पर ग्रामीण तब तक पीछे हटने को तैयार नहीं थे जब तक कि महिला चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती। काफी देर तक आक्रोषित लोगों को आश्वस्त करने के बाद ही उन्होंने अपना प्रदर्शन वापस लिया और मृतक महिला को एम्बुलैंस में यहां से ले जाया गया।

इस दौरान सीएमओ ऊना डॉ. संजीव वर्मा पर आधारित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और आक्रोषित लोगों से बातचीत की। सीएमओ ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि महिला चिकित्सक के खिलाफ पूरी रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भेजी जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि महिला चिकित्सक को निलंबित करने की सिफारिश कर दी गई है। इसी के साथ नियमों के तहत और भी कार्रवाई करने की सिफारिश स्वास्थ्य निदेशक व स्वास्थ्य सचिव को कर दी गई है। 

महिला चिकित्सक पर एफआईआर दर्ज की गई है और भारतीय न्यायिक संहिता की धाराओं के तहत जो भी उचित कार्रवाई होगी, वह की जाएगी। सीएमओ ने कहा कि इसी के साथ ग्रामीणों की मांग के मुताबिक जो भी कठोर कार्रवाई हो सकती है, उसका भी अनुमोदन कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्रवाई शुरू हो चुकी है। वही एएसपी ऊना अजय राणा ने बताया कि महिला चिकित्सक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस इस पर कड़ी कार्रवाई कर रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News