Una: दीवार निर्माण को लेकर 2 पक्षों में विवाद, बहू को बचाने गए बुजुर्ग ससुर की मौत

punjabkesari.in Sunday, Oct 11, 2026 - 06:38 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): ऊना जिले के उपमंडल अम्ब के अंतर्गत आते भंजाल गांव में दीवार निर्माण को लेकर 2 पड़ोसियों के बीच हुआ विवाद एक बड़े हादसे में तब्दील हो गया। दोनों पक्षों के बीच हुए झगड़े में बीच-बचाव करने पहुंचे 85 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई है। रविवार को अम्ब पुलिस ने टांडा मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।

जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद घर के सामने बनाई जा रही एक दीवार को लेकर भड़का था। पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में स्थानीय निवासी मधु बाला ने बताया कि उनके पड़ोसी घर के सामने एक दीवार का निर्माण कर रहे थे। मधु बाला ने जब पड़ोसियों से दीवार को थोड़ा पीछे हटाकर बनाने का आग्रह किया, तो दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ता देख स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने भी मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाने और मामला शांत करवाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति नियंत्रण में नहीं आ सकी।

शिकायतकर्ता मधु बाला का आरोप है कि बहस के दौरान पड़ोसी महिला उग्र हो गई और उसने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी, जिसके बाद उन्हें धक्का देकर नीचे गिरा दिया। अपनी बहू को बचाने और मामले को शांत करने के लिए जब उनके 85 वर्षीय ससुर आगे आए, तो आरोप है कि पड़ोसी महिला ने उन्हें भी धक्का दे दिया। धक्का लगने और गिरने के कारण बुजुर्ग को चोटें आईं। परिजनों द्वारा उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बदकिस्मती से वहां उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही अम्ब पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शिकायतकर्ता मधु बाला के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि बुजुर्ग की मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिस इस मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाएगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News