Una: ट्रक चालक की एक गलती और बुझ गया घर का चिराग, सिकरां दा परोह-ज्वार रोड पर हुआ भयानक हादसा

punjabkesari.in Wednesday, Sep 30, 2026 - 06:20 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): ऊना जिला के उपमंडल अम्ब के अंतर्गत सिकरां दा परोह-ज्वार मार्ग पर एक भयानक सड़क हादसा पेश आया है। इस हादसे में एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान हेमराज (38) पुत्र देवराज निवासी गांव मसलाना (डाकघर राजपुर जसवां) के रूप में हुई है। हादसे के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते मंगलवार की शाम हेमराज अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर कलोहा से अपने गांव मसलाना की ओर जा रहा था। इसी दौरान जब वह सिकरां दा परोह से ज्वार की ओर जाने वाले मोड़ के समीप पहुंचा तो पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे ओवरटेक करने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि इसी ओवरटेकिंग के दौरान ट्रक का खुला हुआ पिछला हिस्सा हेमराज की मोटरसाइकिल से टकरा गया।

टक्कर लगने के कारण हेमराज मोटरसाइकिल सहित सड़क पर बुरी तरह गिर गया। इस हादसे में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से 108 एम्बुलैंस को मौके पर बुलाया गया और घायल अवस्था में हेमराज को तुरंत सिविल अस्पताल अम्ब पहुंचाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया है और आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बुधवार को सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News