Una: पैरों पर चलकर अस्पताल के इमरजैंसी वार्ड में पहुंचा मरीज...थोड़ी देर बाद हो गई मौत, परिजनों ने किया हंगामा

punjabkesari.in Wednesday, Sep 30, 2026 - 01:07 PM (IST)

ऊना: क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचार के दौरान एक मरीज की मौत होने पर भारी हंगामा हो गया। मृतक की पहचान सुनेहरा निवासी हरपाल सिंह के रूप में हुई है। घटना से आक्रोशित परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों और अस्पताल स्टाफ पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित परिजनों ने न्याय की गुहार लगाते हुए शव को स्ट्रेचर पर रखकर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ अपनी भड़ास निकाली।

परिजनों का आरोप है कि आपातकालीन सेवा में मरीज को समय पर उचित इलाज नहीं दिया गया। मृतक के भाई ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हरपाल सिंह को छाती में दर्द की शिकायत थी, लेकिन स्थिति इतनी गंभीर नहीं थी क्योंकि वह स्वयं अपने पैरों पर चलकर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में पहुंचा था। परिजनों का सीधा आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद न तो उसकी समुचित जांच की गई और न ही समय रहते उसे कोई उचित उपचार दिया गया। इसी चिकित्सीय कोताही के चलते कुछ समय बाद हरपाल सिंह ने दम तोड़ दिया।

मरीज की मौत के बाद उपजे इस विवाद में महर्षि वाल्मीकि गुरु रविदास यूथ एकता महासभा भी परिजनों के समर्थन में उतर आई। महासभा के प्रदेशाध्यक्ष अमित कुमार वाल्मीकि की मौजूदगी में परिजनों ने अस्पताल प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी। अमित कुमार वाल्मीकि ने कहा कि एक व्यक्ति जो खुद चलकर अस्पताल आता है, उसकी इस तरह मौत होना सिस्टम की बड़ी नाकामी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी चिकित्सक और संबंधित स्टाफ के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो महासभा सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करने के लिए विवश होगी। इसके साथ ही परिजनों ने पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे की भी मांग उठाई है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब सभी की निगाहें मेडिकल रिपोर्ट पर टिकी हैं। फिलहाल, हरपाल सिंह की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। वहीं, इस भारी बवाल को लेकर अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मामले का संज्ञान ले लिया गया है और इसकी आंतरिक जांच की जा रही है। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के तथ्यों के आधार पर ही पूरी स्थिति स्पष्ट की जाएगी तथा नियमानुसार उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News