शांता ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले-70 वर्ष पहले भारत को आजादी तो मिली पर ईमानदार नेता नहीं

punjabkesari.in Sunday, Sep 10, 2017 - 06:21 PM (IST)

बैजनाथ (कमल गुप्ता): बैजनाथ के राजिंद्रो पैलेस में भाजपा महिला के सम्मेलन का आयेजन प्रदेशाध्यक्ष इंदु गोस्वामी की अध्यक्षता में हुआ, जिसमें बतौर मुख्यातिथि सासंद व पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार शामिल हुए। इस सम्मलेन में प्रदेश व जिला के पदाधिकारियों सहित हजारो महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान सांसद ने कहा कि 70 वर्ष पहले भारत को आजादी तो मिली पर ईमानदार नेता नहीं मिले, जिसके चलते देश भ्रष्टाचार में डूब गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने से पहले 10 साल में देश की कांग्रेस सरकार ने इतने घोटाले किए जिससे पूरे विश्व में देश का नाम बदनाम हुआ। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल को रेलवे लाइन और एन.एच. देने को कहा। उन्होंने कहा कि यह पैसा कहां से आया यह सब फिजूलखर्ची रोककर और भ्रष्टाचार रोक कर आया है। भ्रष्टाचार खत्म होगा तो गरीबी खुद खत्म हो जाएगी। 
PunjabKesari
हिमाचल में चुनौती लेकर आ रहे हैं चुनाव 
उन्होंने कहा कि हिमाचल में चुनाव चुनौती लेकर आ रहे हैं तथा आने वाले समय में हिमाचल में भाजपा सरकार बनाने का समय आ रहा है। पूरे भारत में भाजपा की सरकार बन रही है तथा कांग्रेस मर रही है और सिसक रही है। इतिहास में कांग्रेस की इतनी बुरी हालत कभी नहीं हुई। भाजपा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चल चलेगी, नारी शक्ति का सम्मान करेगी और बराबरी का हिस्सा देगी। उन्होंने कहा जहां नारियों की पूजा होती है वहां देवताओं का साक्षात वास होता है। कांग्रेस ने देश को पुरुष प्रधान बनाकर काफी पीछे धकेल दिया है। भारत जैसे लोकतांत्रिक देश पर चीन और पाकिस्तान आंखें गड़ाए बैठे हैं, ऐसे में भारत के 14,00,000 सैनिकों वाली सेना का जिम्मा एक नारी को सौंप दिया। यह एक बड़ी सोच का परिचायक है। भाजपा नारी शक्ति के सहयोग से हिमाचल में भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी। 

इतिहास पूछ रहा सवाल 
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार आने पर न तो भ्रष्टाचार होगा और न ही प्रदेश में विकास की कमी आएगी। उन्होंने कहा कि भारत को आजाद करवाने के लिए जिन 60,00,000 देशभक्त शहीदों ने बलिदान दिए हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास सवाल पूछ रहा है कि वे शहीद क्या ऐसे भारत का निर्माण करना चाहते थे जिसमें गरीबों को दो वक्त की रोटी नहीं, इंसाफ  और भ्रष्टाचार हो। आज भी हमारा भारत कुपोषण और भुखमरी से जूझ रहा है।
PunjabKesari
कांग्रेस सरकार ने शर्मसार की देवभूमि : इंदू गोस्वामी
इस दौरान प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष इंदू गोस्वामी के माइक संभालते ही कार्यकर्ताओं ने हर-हर मोदी घर-घर मोदी के नारों से पूरे हाल को गुंजायमान कर दिया गया। इंदू गोस्वामी ने कहा कि गुडिय़ा प्रकरण को लेकर देवभूमि हिमाचल को कांग्रेस सरकार ने शर्मसार किया है। भाजपा जिला अध्यक्ष विनय शर्मा ने कहा कि जब महिलाएं बाहर निकलती हैं तो परिवर्तन भी अवश्य होता है। उन्होंने कहा कि पार्टी का जो पदाधिकारी या कार्यकर्ता अपनी अलग लाइन बनाने की कोशिश करेगा उसे पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा।

कई लोगों ने थामा भाजपा का दामन 
इस मौके पर संसाल पंचायत की प्रधान आशा देवी सहित कई लोगों ने भाजपा का दामन थामा। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अनुराधा, महामंत्री सुमन चौधरी, ब्लाक अध्यक्ष निर्मला दरबाल, वंदना कटोच, देसी ठाकुर, रमिता राही, सुरेश राणा, प्रभा, निशा धीमान, अनीता राणा, सुनीता राणा, महामंत्री महामंत्री मुलखराज प्रेमी तथा मंडल अध्यक्ष करण जम्वाल आदि मौजूद रहे। 
PunjabKesari
मुख्यमंत्री का पुतला जलाया
भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष के नेतृत्व में महिला मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का पुतला जलाया तथा गुडिय़ा प्रकरण को लेकर उनके खिलाफ  जमकर नारेबाजी की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News