मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने फिर साधा कंगना रणौत पर निशाना, पूछा ये सवाल

punjabkesari.in Friday, Mar 29, 2024 - 10:33 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): लोक निर्माण मंत्री एवं कांग्रेस के मंडी संसदीय क्षेत्र के चुनाव प्रभारी विक्रमादित्य सिंह ने फिर से सिने अभिनेत्री एवं भाजपा प्रत्याशी कंगना रणौत पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाते हुए उनसे सवाल किया कि वह अपने आप को मंडी की बेटी कहती हैं लेकिन जब मंडी में इस सदी की सबसे बड़ी आपदा आई व करोड़ों रुपए का नुक्सान हुआ तो क्या वह एक भी दिन एक भी इलाके में लोगों से मिलने गईं। क्या मुंबई से उन्होंने मंडी की जनता का सहयोग किया जबकि सांसद प्रतिभा सिंह तथा सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हलके के हर क्षेत्र का दौरा किया। यह बात उन्होंने शुक्रवार को शिमला में मीडिया से अनौपचरिक बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि वह कंगना का मान-सम्मान करते हैं तथा बॉलीवुड में उन्होंने अच्छा कार्य किया है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कंगना उनकी बहन है लेकिन अब वह राजनीतिक अखाड़े में उतरी हैं तो मुद्दों पर आरोप-प्रत्यारोप तो लगेंगे। 

चुनाव स्टारडम के ऊपर नहीं लड़े जाते
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जल्द ही कांग्रेस मंडी में चुनाव मैदान में उतरेगी तथा वह जल्द ही क्षेत्र का दौरा कर कार्यकर्त्ताओं के साथ रणनीति तैयार करेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव स्टारडम के ऊपर नहीं लड़े जाते हैं। चुनाव के लिए कमिटमैंट होती है, जो चुनाव के बाद भी निभानी होती है। चुनाव प्रचार के दौरान वह मंडी के लोगों के बीच जाएंगी। उन्होंने सवाल किया कि क्या वह चुनाव के बाद भी मंडी संसदीय क्षेत्र के हर क्षेत्र, मंडल, पंचायत में जाएंगी। क्या उनके पास बॉलीवुड को छोड़कर मंडी के लोगों के लिए समय होगा। इसको लेकर भी उन्हें स्थिति स्पष्ट करनी होगी।

क्या मंडी की जनता मुंबई जाने को तैयार
विक्रमादित्य सिंह ने मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता से भी सवाल किया। उन्होंने कहा कि क्या मंडी के लोग सड़क, सामुदायिक भवन, महिला मंडल भवन बनाने, सड़क निर्माण आदि के कार्य के लिए मुंबई जाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने तंज कसा कि शायद पूर्व सीएम जयराम ने मंडी में अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने की पहल की थी कि वह वर्ष 2024 से कंगना को टिकट देंगे तथा मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता अपने हर कार्य को करवाने के लिए मुंबई के लिए उड़ान भरेगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News