CM जयराम दिल्ली रवाना, GST कौंसिल की बैठक में लेंगे भाग

punjabkesari.in Wednesday, Jan 17, 2018 - 11:55 PM (IST)

शिमला: जी.एस.टी. कौंसिल की बैठक में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बुधवार को दोपहर बाद नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उनके साथ वित्त एवं आबकारी व कराधान विभाग से संबंधित अधिकारी भी साथ गए हैं। बैठक के दौरान उनके हिमाचल प्रदेश में कारोबारियों के लिए जी.एस.टी. सीमा को 10 लाख रुपए से बढ़ाकर 20 लाख रुपए किए जाने संबंधी मुद्दे को उठाए जाने की संभावना है। इसके लिए बीते दिन ही उन्होंने अधिकारियों के साथ जी.एस.टी. कौंसिल के एजैंडे पर चर्चा की थी। मुख्यमंत्री के केंद्रीय नेताओं से भी मुलाकात करने की संभावना है। इसके तहत मुख्यमंत्री केंद्रीय बजट में राज्य के हितों का ध्यान रखे जाने और रेल विस्तार संबंधी मामलों को लेकर चर्चा कर सकते हैं। 

केंद्र सरकार से उठा सकते हैं प्रदेश की खराब वित्तीय स्थिति का मामला
प्रदेश की खराब वित्तीय हालत संबंधी मामले को भी वे केंद्र सरकार से उठा सकते हैं ताकि भविष्य में रियायत या बेलआऊट पैकेज मिल सके। बजट में राष्ट्रीय महत्व की भानुपल्ली से लेह तथा औद्योगिक क्षेत्रों को रेल मार्ग से जोड़े जाने की मांग को भी सरकार के साथ मुख्यमंत्री उठा सकते हैं। इसी कारण उनके साथ वित्त विभाग के अधिकारी गए हैं ताकि प्रदेश की वित्तीय हालत सहित अन्य मामलों को प्रभावी तरीके से केंद्र से उठाया जा सके। मुख्यमंत्री 19 जनवरी को वापस शिमला लौट आएंगे।

21 को जाएंगे मंडी 
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दिल्ली दौरे के बाद 21 जनवरी से मंडी जाएंगे। यहां पर उनका थाची जाने का कार्यक्रम है, जहां वे लोगों की समस्याओं को सुनेंगे। इसी दिन वह थाची, पैजान, देवधार, मानी व बालीचौकी जाएंगे। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री लोगों से मिलेंगे और उनकी समस्याओं को सुनने के बाद मंडी के लिए रवाना होंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News