शिमला में मिलेगा महंगा पानी, नगर निगम ने कर ली तैयारी
punjabkesari.in Monday, Sep 05, 2016 - 04:30 PM (IST)

शिमला : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नगर निगम ने शहर के अन्य लोगों को बड़ा झटका दिया है। दरअसल पानी का बिल चुकाने के लिए अब लोगों को अपनी जेब पहले की तुलना में ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी।
जानकारी के मुताबिक नगर निगम शहर के लोगों को 10 फीसदी बढ़ोत्तरी के साथ पानी के मासिक बिल जारी करने जा रहा है। नगर निगम ने मार्च महीने के बाद पानी के बिल जारी नहीं किए हैं, इसलिए अब नगर निगम रिवाइज रेट पर 10 फीसदी बढ़ोत्तरी के साथ बिल जारी करने की तैयारी कर रहा है।
अब तक घरेलू उपभोक्ताओं को पानी का मासिक बिल 325 रुपए देना पड़ता था जो अब 32 रुपए बढ़ कर 357 रुपए हो जाएगा। बता दें कि अप्रैल से जुलाई माह तक 4 महीनों के पानी के बिल मासिक 10 फीसदी बढ़ोत्तरी के साथ जारी किए जाएंगे। इसी महीने वार्ड वाइज पानी के बिल जनरेट करने का काम शुरू हो जाएगा। पानी के बिलो में 10 फीसदी बढ़ोतरी के साथ 30 फीसदी सीवरेज सेस भी वसूला जाएगा।
बताया जा रहा है कि पानी के केवल 30 हजार घरेलू और व्यवसायिक कनेक्शन हैं। अधिकतर व्यवसायिक कनेक्शनों में मीटर लगे हैं, इन्हें मीटर रिडिंग के आधार पर ही बिल जारी किए जाएंगे। निगम आयुक्त पंकज राय ने कहा कि प्रति वर्ष पानी की दरों में 10 फीसदी वृद्धि होती है उसी आधार पर इस माह नगर निगम बिल जारी कर रहा है।