Shimla: नगर निगम के जन सुविधा केंद्र में शराब का ठेका खोलने पर बवाल, लोगों ने धरना-प्रदर्शन कर जड़ा ताला

punjabkesari.in Thursday, Apr 24, 2025 - 05:43 PM (IST)

शिमला (वंदना): नगर निगम के अपनी संपत्तियों में शराब का ठेका खोल आय के संसाधनों को मजबूत करने के फैसले का अब चौतरफा विरोध होना शुरू हो गया है। इस मामले को लेकर नगर निगम के पार्षद व लोग विरोध जताने के जिए अब सड़कों पर उतर आए हैं। वीरवार को खलीनी चौक पर नगर निगम के जन सुविधा केंद्र की निचली मंजिल में शराब का ठेका खोलने का स्थानीय लोगों ने विरोध किया। इस दौरान पूर्व पार्षद रहे पूर्णमल की अध्यक्षता में स्थानीय लोग खलीनी चौक पर इकट्ठे हुए और नगर निगम की ओर से खोले गए शराब के ठेके को बंद करवाने को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने प्रदेश सरकार व नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। 

जन सुविधा केंद्र में शराब का ठेका खोलना तर्कसंगत नहीं : पूर्णमल
पूर्व पार्षद पूर्णमल का कहना था कि खलीनी में नगर निगम के इस भवन में जन सुविधा केंद्र खोला गया है। वरिष्ठ नागरिकों का सैंटर यहां पर है। हैल्प एज सैंटर, आंगनबाड़ी से लेकर पोस्ट ऑफिस का भवन भी इस बिल्डिंग में खोला गया है। पानी के बिल भी यहीं पर जमा होते हैं। दिनभर वरिष्ठ नागरिकों से लेकर महिलाएं यहां आती हैं, ऐसे में जन सुविधा केंद्र में ही अपनी कमाई बढ़ाने के लिए शराब का ठेका खोलना बिल्कुल भी तर्कसंगत नहीं है। स्थानीय लोग इसका विरोध कर रहे हैं। पूर्णमल ने कहा कि नगर निगम को शराब का ठेका खोलना है तो वह रेन शैल्टर के साथ दूसरी जगह पर खोल सकता है। इसमें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन जन सुविधा केंद्र में शराब का ठेका नहीं खुलेगा। इस दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर ठेका बंद कर इस पर ताला जड़ दिया। लोगों ने साफ कहा कि इस जगह पर वे ठेका नहीं खुलने देंगे। 

नगर निगम प्रशासन की बढ़ीं मुश्किलें
लोगों के चौतरफा विरोध के बाद नगर निगम प्रशासन की मुश्किलें भी बढ़ती जा रही हैं। नगर निगम वार्डों में अपने भवनों में ठेके खोलने जा रहा है जिसका अब एक-एक कर विरोध होना शुरू हो गया है। इससे पहले मज्याठ में भी निगम के भवन में ठेका खोलने का पार्षद विरोध कर चुके हैं जिस पर ताला जड़ा गया है। वहीं कैथू में लोगों ने विरोध किया है। खलीनी में भी ठेका बंद करवा दिया गया है। ढली समेत कई जगहों पर भी ठेकों का विरोध हो रहा है।

ठेका खोलने के लिए जगह बताएं पार्षद, विरोध कर राजनीतिक रंग न दें : मेयर
नगर निगम के मेयर सुरेंद्र चौहान ने खलीनी, कैथू, मज्याठ समेत कई अन्य जगहों पर ठेके खोलने के विरोध के बाद पार्षदों से ठेका खोलने के लिए जगह बताने के निर्देश दिए हैं, जहां पर निगम ठेका खोल सके। मेयर ने कहा कि इस मामले को बेवजह राजनीतिक रंग न दिया जाए। उन्होंने कहा कि अपने भवन में खोलने से निगम को जहां कमाई होनी है वहीं शराब से राजस्व भी मिलेगा और साथ ही दुकानों का किराया भी निगम को मिलेगा, इससे निगम की कमाई होगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News