हिमाचल Budget : CM ने पेश किया 44,387 करोड़ का बजट, जानिए किसे क्या मिला

punjabkesari.in Saturday, Feb 09, 2019 - 04:14 PM (IST)

शिमला(योगराज): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को विधानसभा में वर्ष 2019-20 के लिए 44,387.73 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। 2019-20 में राजस्व प्राप्ति 33,747 करोड़ रुपए और राजस्व व्यय 36,089 करोड़ रुपए संभावित है। इस तरह से राजस्व घाटा 2,342 करोड़ रुपए और वित्तीय घाटा 7,352 करोड़ रुपये होने की संभावना है।

बजट में की गई घोषणाएं

हिमाचल प्रदेश सरकार सामान्य वर्ग के अर्थिक रूप से कमजोर लोगों को 10 प्रतिशत आरक्षण देगा। पर्यटकों को आर्किषत करने के लिए शिमला में 2 प्रकाश एवं ध्वनि प्रदर्शनी शुरू की जाएंगी। राज्य सरकार 15 नए अटल आदर्श विद्यालय भी खोलेगी। हिमाचल प्रदेश सरकार सिंचाई कार्यों के लिए बिजली शुल्क प्रति यूनिट 75 पैसे से घटाकर 50 पैसे करेगी। राज्य के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि आपातकाल के दौरान आंतरिक सुरक्षा रख-रखाव अधिनियम (मीसा) के तहत गिरफ्तार हुए लोगों को 11 हजार रुपए सालाना वार्षिक लोकतंत्र प्रहरी सम्मान देने की भी घोषणा की है। जयराम ठाकुर ने कहा कि सिंचाई के लिए बिजली दर को भी मौजूदा 75 पैसे प्रति यूनिट से घटाकर 50 पैसे प्रति यूनिट किया जाएगा।  

PunjabKesari

वहीं मान्यता प्राप्त पत्रकारों को लैपटॉप देने का भी ऐलान किया। सेवानिवृत्त पत्रकारों की मौत पर सरकार अब 50 हजार की बजाय 1 लाख रुपये देगी। उन्होंने कहा कि पत्रकार की मौत के परिजनों को अब दो के बजाय 4 लाख रुपए का मुआवजा मिलेगा। इसके अलावा बंदरों से फसल बचाने के लिये सौर बाड़ लगाने के लिये किसानों को सरकार 50 प्रतिशत सहायता देगी। उन्होंने राज्य के कर्मचारियों को 1 जुलाई 2018 से 4 परसेंट डीए की घोषणा करते हुए नई पेंशन योजना में सरकार के अंशदान को 10 से बढ़ाकर 14 परसेंट कर दिया। 4 परसेंट डीए का लाभ राज्य के 2.5 लाख कर्मचारियों को मिलेगा। विधानसभा में अपने बजट उद्बोधन में सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि वित्त वर्ष 2019-20 के दौरान एचआरटीसी में 800 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा राज्य बिजली बोर्ड में 1000 पद और अन्य विभागों में 3500 पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि नई पेंशन योजना में सरकार का अंशदान बढ़ने से 80 हजार कर्मचारियों को इसका फायदा मिलेगा।
 
PunjabKesari

इतना ही नहीं राज्य की बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं में अहम भूमिका निभा रहीं आशा वर्कस का मानदेय 1200 से बढ़ाकर 1500 रुपए कर दिया है। विधानसभा में शनिवार को वर्ष 2019-20 का बजट पेश करते हुए उन्होंने यह घोषणा की। उन्होंने राज्य में कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित और आर्थिक रूप से कमजोर तबके के लोगों को सहारा योजना के तहत हर महीने 2000 रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने शिमला-कालका नेशनल हाईवे पर एक ट्रॉमा सेंटर खोलने का भी ऐलान किया। जयराम ठाकुर ने अपने बजट भाषण में कहा कि कम उम्र में विधवा होने वाली महिलाओं को आईटीआई में ट्रेनिंग लेने पर आरक्षण का लाभ मिलेगा। इसका फायदा 45 साल की उम्र तक महिलाओं को मिलेगा।
PunjabKesari

उन्होंने अपने बजट में कहा कि राज्य की नई खेल नीति बनेगी, साथ ही खेल से स्वास्थ्य योजना भी शुरू की जाएगी। इसके तहत 50 उच्चतर और 50 अन्य स्कूलों में खेल सुविधाओं का विकास किया जाएगा। नई खेल नीति केजरिए युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए बहुद्देशीय स्टेडियम बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ये स्टेडियम फुटबॉल मैदान की तरह होंगे। इसके लिए बजट में 15-15 लाख रुपए प्रत्येक स्टेडियम के लिए रखे गए हैं। देश में अंशकालिक कर्मियों (पार्ट टाइमर) के लिए भी प्रति घंटा पारिश्रमिक की दरें बढ़ाने का ऐलान किय। अपन बजट भाषण में सीएम ने अनुबंधित कर्मचारियों को मूल वेतन जमा ग्रेड पे को 100 से बढ़ाकर 125 प्रतिशत करने की घोषणा की। अभी अनुबंध कर्मचारियों को 100 प्रतिशत की दर से ग्रेड पे दिया जा रहा है। बजट भाषण में सीएम ने राज्य के कर्मचारियों के साथ ही पेंशनरों के लिए भी 4 प्रतिशत महंगाई भत्ते का ऐलान किया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

kirti

Recommended News

Related News