जब मोदी वाराणसी जा सकते हैं तो आनंद शर्मा कांगड़ा से क्यों नहीं लड़ सकते चुनाव : सुक्खू
punjabkesari.in Wednesday, May 01, 2024 - 06:49 PM (IST)

नादौन (जैन/अनिल): जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात छोड़कर वाराणसी से चुनाव लड़ सकते हैं तो पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा कांगड़ा लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में क्यों नहीं उतर सकते। वह तो शिमला के रहने वाले हैं और पूरा राज्य उनका घर है। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सेरा विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत में कही। सुक्खू ने कहा कि बड़ी खुशी की बात है कि आनंद शर्मा को कांगड़ा से टिकट मिली है। वह अच्छे वक्ता हैं, उनकी राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर अच्छी पकड़ व समझ है। सीएम ने कहा कि आनंद शर्मा पूर्व यूपीए सरकार में केंद्रीय मंत्री रहते कांगड़ा के लिए बड़े प्रोजैक्ट व कार्यालय लाए हैं। कांगड़ा में नैशनल इंस्टीच्यूट ऑफ फैशन टैक्नोलॉजी, इंदौरा में 150 करोड़ रुपए की लागत का इंडस्ट्रियल पार्क, चाय बागवानों के लिए नैशनल टी-बोर्ड का रीजनल सैंटर आनंद शर्मा ने खुलवाया है।
कांग्रेस की लड़ाई लोकतंत्र की हत्या करने वालों के खिलाफ
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस की लड़ाई लोकतंत्र की हत्या करने वालों के खिलाफ है। नेता प्रतिपक्ष जयराम झूठ का ढिंढोरा पीट रहे हैं, जनता में उनकी पोल खुल चुकी है। जनता की सेवा जिसने की होगी, उसे फिर सत्ता में आने का मौका मिलेगा। जयराम नहीं चाहते थे कि कर्मचारियों को ओल्ड पैंशन, महिलाओं को 1500 रुपए, मनरेगा कर्मियों को 60 रुपए बढ़ी हुई दिहाड़ी, किसानों को दूध पर एमएसपी व कर्मचारियों को बढ़ा हुआ मानदेय मिले, इसलिए वह नोटों के दम पर सरकार गिराने की साजिश रचने में लगे रहते हैं। जयराम धैर्य रखें, 4 जून को जनता का जवाब भाजपा को मिल जाएगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here