Kullu: नदी में डूब रहे दोस्त की बचा ली जान...खुद मौत के मुंह में समा गया युवक, घर व गांव में पसरा मातम

punjabkesari.in Friday, May 29, 2026 - 11:33 PM (IST)

कुल्लू (संजीव): दोस्ती की इससे बड़ी मिसाल और क्या होगी कि एक दोस्त ने अपने साथी को बचाने के लिए अपनी जान की बाजी लगा दी। जिला कुल्लू की लगवैली घाटी के खलाड़ानाला में शुक्रवार को एक ऐसा ही हृदयविदारक हादसा पेश आया, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। यहां 25 वर्षीय एक युवक ने नदी में डूब रहे अपने दोस्त की जान तो बचा ली, लेकिन तेज बहाव की चपेट में आने से वह खुद मौत के मुंह में समा गया।

मृतक की पहचान निखिल कुमार (25) पुत्र कमल किशोर निवासी हवाई (शियाह), तहसील भुंतर  व जिला कुल्लू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार निखिल शुक्रवार को अपने कुछ दोस्तों के साथ शिरढ़ मेले से वापस लौट रहा था। रास्ते में तेज गर्मी से राहत पाने के लिए युवाओं की इस टोली ने खलाड़ानाला के पास लगवैली नदी में नहाने का फैसला किया।

नहाते समय अचानक निखिल का एक साथी गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्त को मौत के मुंह में छटपटाता देख निखिल ने एक पल भी नहीं सोचा और अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी। निखिल ने अपनी पूरी ताकत झोंक कर दोस्त को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन इसी बीच नदी के तेज बहाव ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। पानी का वेग इतना ज्यादा था कि वह खुद को संभाल नहीं पाया और तेज धारा में बह गया।

इस खौफनाक मंजर को देखकर मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहां मौजूद स्थानीय लोगों और पास ही स्थित परियोजना के कर्मचारियों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद निखिल को नदी से बाहर निकाला गया और उसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले जाया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जवान बेटे की इस तरह अचानक हुई मौत से निखिल के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातम पसरा है। मामले की पुष्टि करते हुए कुल्लू के एसपी मदन लाल ने बताया कि पुलिस ने घटना के प्रत्यक्षदर्शियों और मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News