Mandi: रैस्टोरैंट में कथित मारपीट के बाद युवक की मौत, 3 के खिलाफ मामला दर्ज; RFSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
punjabkesari.in Sunday, Sep 06, 2026 - 05:12 PM (IST)
पधर (किरण): मंडी जिले के पधर उपमंडल के तहत आने वाले गवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात एक रैस्टोरैंट में हुई कथित मारपीट के बाद एक 32 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अजय कुमार पुत्र शेर सिंह निवासी रोपा, तहसील पधर के रूप में हुई है। मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर पधर पुलिस ने 3 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
शरीर पर नहीं मिले चोट के स्पष्ट निशान, आरएफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
इस मामले में एक अहम पहलू यह सामने आया है कि पोस्टमार्टम के दौरान मृतक अजय के शरीर पर बाहरी चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं पाए गए हैं। ऐसे में अब मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम की फाइनल रिपोर्ट और अन्य चिकित्सीय जांच के बाद ही हो सकेगा। घटना की गंभीरता को देखते हुए आरएफएसएल की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस रैस्टोरैंट संचालकों, आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
गंभीर हालत में मंडी किया गया था रैफर, इलाज के दौरान तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार 5 सितम्बर की रात अजय की तबीयत बिगड़ने पर उसे गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पधर लाया गया था। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जोनल अस्पताल मंडी रैफर कर दिया। मंडी में उपचार के दौरान 6 सितम्बर को अजय ने दम तोड़ दिया। पधर थाना प्रभारी एसआई अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिमरीगंगा मेले से लौटकर बुआ के घर गया था अजय
घटनाक्रम के अनुसार अजय शनिवार को हिमरीगंगा मेले में गया था। मेले से लौटने के बाद वह गवाली स्थित अपनी बुआ के घर चला गया। उसकी बुआ के मकान की ऊपरी मंजिल किसी व्यक्ति को रेस्टोरेंट चलाने के लिए किराये पर दी गई है, जबकि परिवार अंतिम मंजिल पर रहता है। घटना वाली रात अजय अपनी बुआ के बेटे के साथ कमरे में था। बाद में दोनों ऊपरी मंजिल पर स्थित रैस्टोरैंट की ओर गए, जहां कथित तौर पर तीन युवकों के साथ अजय की किसी बात को लेकर तीखी बहसबाजी और विवाद हो गया।
पिता ने इन 3 युवकों पर लगाया मारपीट का आरोप
मृतक के पिता शेर सिंह ने पुलिस को दिए अपने बयान में आरोप लगाया है कि रात करीब 12 बजे उनके भांजे दिनेश कुमार ने फोन कर बताया था कि अजय की तबीयत बिगड़ी है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। पिता का सीधा आरोप है कि साहिल निवासी नौहली, नवीन निवासी चमाह, पधर और आदित्य ठाकुर निवासी कटिपरी, पधर ने अजय के साथ मारपीट की है। परिजनों ने आशंका जताई है कि इन तीनों युवकों द्वारा की गई कथित मारपीट से आई अंदरूनी चोटों के कारण ही अजय की जान गई है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

