Mandi : बिजली चोरी करते 3 लोगों को पकड़ा, लगाया गया जुर्माना
punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2026 - 04:35 PM (IST)
नेरचौक (मंडी) : विद्युत मंडल बग्गी के तहत बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और बकाया बिजली बिलों की वसूली के लिए विद्युत विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान विभागीय टीम ने विभिन्न गांवों में औचक निरीक्षण कर बिजली चोरी करते पाए गए उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया।
अभियान के तहत कुम्मी, कठयाहल, टांवा, पाधरू, मगरदांण और जोली सहित अन्य गांवों में छापेमारी की गई। इस दौरान गांव टांवा के संजय कुमार तथा कुम्मी के अरुण कुमार को बिजली चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। दोनों के विरुद्ध विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। अभियान में सहायक अभियंता राजेंद्र शर्मा, कनिष्ठ अभियंता सुरेंद्र कुमार, इंजीनियर अजय कुमार, फोरमैन कमल कांत तथा लाइनमैन राकेश, प्रकाश, प्रवीण, विक्की, दिनेश, ध्रुव और ललित शामिल रहे। सहायक अभियंता राजेंद्र शर्मा ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे बिजली का उपयोग केवल वैध कनैक्शन के माध्यम से करें और बिजली बिलों का भुगतान निर्धारित समय पर करें।
सहायक अभियंता ने बताया कि गत माह बिजली बिल जमा न करवाने पर करीब 1,694 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए थे, जबकि 199 उपभोक्ताओं के कनैक्शन बकाया राशि का भुगतान न करने पर काटे गए थे। बाद में बिल जमा करवाने पर उनकी बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई का भी प्रावधान है। विभाग की ओर से बिजली चोरी रोकने और बकाया बिलों की वसूली के लिए भविष्य में भी विशेष अभियान जारी रहेंगे।

