Mandi: ऑस्ट्रियाई पैराग्लाइडर पायलट लैंडिंग के दौरान खेत में गिरकर घायल
punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2026 - 08:41 PM (IST)
जोगिंद्रनगर (विनोद): विश्व प्रसिद्ध बीड़-बिलिंग से उड़ान भरने के बाद जोगिंद्रनगर क्षेत्र में लैंडिंग कर रहा ऑस्ट्रिया का पैराग्लाइडर पायलट निकोलस थॉमस अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण खेत में गिरकर घायल हो गया है। ऑस्ट्रियाई पायलट निकोलस थॉमस ने विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग साइट बीड़-बिलिंग से उड़ान भरी थी। जमीन पर गिरने के कारण उसे पीठ और पेट में अंदरूनी चोटें आई हैं। पायलट निकोलस थॉमस ने बताया कि वह खेत में सुरक्षित लैंडिंग करने का प्रयास कर रहा था, लेकिन अचानक उसका नियंत्रण बिगड़ गया और खेत की मेड़ के पास गिरने से वह घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही जोगिंद्रनगर पुलिस और 108 एम्बुलैंस सेवा की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल पायलट को प्राथमिक सहायता दी गई और इसके बाद उसे जोगिंद्रनगर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार घायल पायलट को पीठ और पेट में चोटें आई हैं। उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चोटों की गंभीरता को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

