विंटर कार्निवाल: रिज पर 4 जिलों और एनजैडसीसी पटियाला के सांस्कृतिक दलों ने मचाई धूम

punjabkesari.in Tuesday, Dec 26, 2023 - 09:25 PM (IST)

शिमला (अम्बादत): विंटर कार्निवाल के दूसरे दिन भी रिज मैदान पर पर्यटकों का जनसैलाब उमड़ा। जहां दिन के समय में जगह-जगह कलाकार डांस करते दिखाई दिए, वहीं शाम के समय पर्यटकों ने कार्यक्रम के दौरान जमकर डांस किया। शिमला में कार्निवाल के चलते पर्यटकों की काफी मात्रा में आवाजाही देखने को मिल रही है। रिज मैदान पर रोजाना शाम के समय पहाड़ी नाटी, पंजाबी साॅन्ग सहित अन्य गानों पर पर्यटक मौज-मस्ती कर रहे हैं। रिज मैदान पर जगह-जगह पर व्यंजन सहित अन्य सामान के स्टाल लगाए गए हैं। शिमला विंटर कार्निवाल के दूसरे दिन दोपहर 2 से सायं 5 बजे तक जिला ऊना, किन्नौर, सिरमौर और मंडी के सांस्कृतिक दलों ने रिज मैदान व मालरोड पर लोगों का मनोरंजन किया। इसके अतिरिक्त एनजैडसीसी पटियाला के भांगड़ा दल और कालबेलिया नृत्य का भी लोगों ने खूब आनंद उठाया।
PunjabKesari

कश्मीर के झनकार ग्रुप ने जमाई सूफियाना महफिल
गेयटी थिएटर में कश्मीर के झनकार ग्रुप ने सूफियाना महफिल का आयोजन किया, जिसमें सूफी गायक शफी सोपोरी ने समां बांधा। कल भी गेयटी थिएटर में सूफियाना महफिल का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार पुलिस सहायता कक्ष के समीप आर्मी बैंड के जवानों ने अपनी धुनों से सभी लोगों का मनोरंजन किया। रोटरी क्लब के समीप तम्बोला का आयोजन किया गया जिसमें भारी संख्या में लोगों ने तम्बोला खेला।
PunjabKesari

स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की भारी मांग
शिमला विंटर कार्निवाल में लगभग 50 स्टाल विभिन्न विभागों, स्वयं सहायता समूहों, संस्थाओं और व्यापारियों द्वारा लगाए गए हैं जिन पर लोग जमकर खरीददारी कर रहे हैं। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के स्टालों पर पारम्परिक परिधान और अन्य जैविक उत्पाद उपलब्ध हैं। बाहर से आए सैलानियों की भारी भीड़ इन स्टालों पर देखने को मिल रही है।

लंगूर ने लोगों के साथ की मस्ती
शिमला विंटर कार्निवाल में लंगूर के रूप में एक कलाकार सबके आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। जहां एक ओर लोग लंगूर को देखकर घबरा जाते हैं वहीं दूसरी ओर ध्यान से देखने पर खुद पर ही हंस देते हैं। लंगूर भी लोगों के साथ खूब मस्ती करता हुआ दिखाई दे रहा है। हर उम्र के लोग खासकर युवा इस लंगूर के साथ सैल्फी खिंचवाना पसंद कर रहे हैं।
PunjabKesari

रानी झांसी पार्क में बच्चों के लिए गतिविधियां, प्रदर्शनियों में पारम्परिक वस्त्र और उत्पाद
रानी झांसी पार्क में बच्चों के लिए बहुत से झूले लगाए गए हैं जिनका बच्चों ने खूब आनंद लिया। इसके अतिरिक्त, दौलत सिंह पार्क से लेकर गेयटी थिएटर तक तथा चर्च के समीप प्रदर्शनी भी लगाई गई है जिसमें लगभग 50 स्टालों पर पारम्परिक वस्त्र, स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार किए उत्पाद, विभिन्न संगठनों का सामान उपलब्ध है।

शिमला विंटर कार्निवाल में ईवीएम/वीवीपैट का भी स्टाल
निर्वाचन विभाग द्वारा ईवीएम/वीवीपैट का भी स्टाल लगाया गया है ताकि आगामी लोकसभा चुनाव के लिए लोगों को इनकी जानकारी उपलब्ध करवाई जा सके। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों द्वारा भी स्टाल लगाए गए हैं जिन पर विभागीय योजनाओं की जानकारी और विभिन्न सेवाएं उपलब्ध हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News