Chamba: भारी बारिश के साथ ओलवृष्टि ने मचाई तबाही, खेत-खलिहान और सेब बगीचों को पहुंचा भारी नुक्सान
punjabkesari.in Sunday, Apr 20, 2025 - 09:22 PM (IST)

चम्बा (रणवीर): चम्बा में रविवार दोपहर को ओलावृष्टि के साथ बरसी आफत की बारिश ने किसानों-बागवानों को डरा कर रख दिया। बारिश के चलते शहर की सड़कें तालाब में तबदील हो गई। नियमित अंतराल के बाद मूसलाधार बारिश व ओलावृष्टि ने खेतों में खड़ी गेहूं की फसल और बेमौसमी सब्जियों को भी काफी नुक्सान पहुंचा है। इसके अलावा सूलणी, भांदल किहार, तीसा व भरमौर में सेब की फसल को भी काफी नुक्सान हुआ है।
बारिश के कारण काफी हिस्सों में जगह-जगह भूस्खलन होने से वाहनों की आवाजाही भी बाधित हुई है। बारिश के बीच बिजली भी गुल रही। देखते ही देखते सड़कों व लोगों के घरों की छतों पर ओलावृष्टि की सफेद चादर बिछ गई। इन दिनों सेब के पेड़ों पर सेब लगने भी शुरू हो गए थे। हालांकि 2 से 3 घंटे ही भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे सेब की फसल को काफी नुक्सान हुआ है।
बागवानों का कहना है कि ओलावृष्टि होने से सेब के बगीचों का काफी नुक्सान हुआ है। इन दिनों बगीचों में सेब लगने शुरू हुए थे, जोकि ओलावृष्टि के चलते पूरी तरह से बर्बाद हो चुके हैं, ऐसे में आने वाले समय में बेहद ही कम फसल होने की संभावना है। इससे बागवानों को काफी नुक्सान झेलना पड़ेगा। उधर उद्यान विभाग के उपनिदेशक प्रमोद शाह ने बताया कि रविवार दोपहर को काफी स्थानों पर ओलावृष्टि हुई है। इस बारे में फील्ड स्टाफ से नुक्सान की रिपोर्ट मंगवाई गई है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here