Chamba: जेपी नड्डा लेंगे चम्बा के अधिकारियों से आकांक्षी जिला कार्यक्रम की फीडबैक
punjabkesari.in Friday, Apr 18, 2025 - 06:21 PM (IST)

चम्बा: चम्बा को प्रदेश के अन्य जिलों के समकक्ष लाने की कवायद शुरू हो चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा चम्बा दौरे के दौरान आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत निर्धारित पैरामीटर पर प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा करेंगे। इसके अलावा आकांक्षी कार्यक्रम के तहत अब तक हुए कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद प्रदेश सरकार के साथ मिलकर चम्बा के विकास को लेकर आगामी कदम उठाए जाएंगे। यह बात राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने पत्रकारों से बातचीत में कही।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में 112 आकांक्षी जिले हैं। इसमें हिमाचल प्रदेश का एकमात्र चम्बा जिला भी शामिल है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आकांक्षी जिलों की स्थिति का पता लगाने के लिए सभी केंद्रीय मंत्रियों को ऐसे जिलों के दौरे पर भेजा जा रहा है। इसी कड़ी में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 19 अप्रैल को चम्बा का दौरा करेंगे और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर फीडबैक लेंगे। इसके अलावा वह मैडीकल कालेज एवं अस्पताल चम्बा, साहो व कुछ अन्य क्षेत्रों का दौरा भी करेंगे।
उनके दौरे से जिले के विकास में तेजी आएगी और जल्द यह जिला प्रदेश के अन्य जिलों के बराबर खड़ा होगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री के दौरे के दौरान हिमाचल प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया भी मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राज सिंह ठाकुर भी मौजूद रहे।