हिमाचल में 5 दिन खराब रहेगा मौसम, 15 और 16 अक्तूबर को यैलो अलर्ट जारी

punjabkesari.in Friday, Oct 13, 2023 - 07:58 PM (IST)

शिमला (संतोष): हिमाचल में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 5 दिन मौसम खराब रहेगा। इस दौरान बारिश और बर्फबारी के आसार हैं जबकि 15 और 16 अक्तूबर को यैलो अलर्ट भी जारी किया गया है। 19 अक्तूबर से मौसम के साफ व शुष्क रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से हिमाचल के निचले, मध्य पहाड़ी और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश शुरू होने की संभावना है जबकि 15 अक्तूबर को सभी क्षेत्रों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा व ऊंचे स्थानों पर हिमपात और 16 अक्तूबर को मैदानी इलाकों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा व हिमपात होने की संभावना है। 15 और 16 अक्तूबर को यैलो अलर्ट के दौरान राज्य में बारिश की गतिविधि में वृद्धि होगी। इस दौरान चम्बा, कुल्लू, कांगड़ा, मंडी, शिमला और लाहौल-स्पीति जिलों में भारी बारिश जबकि लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चम्बा, शिमला, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा के उच्च पर्वतीय भागों में हिमपात होने की संभावना है। 

मौसम में होने लगा परिवर्तन, गिरने लगा तापमान
राज्य में मौसम परिवर्तन के साथ अब अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आने लगी है। अधिकतम तापमान में सामान्य से -0.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है जबकि न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री की गिरावट आई है। राज्य के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री पहुंच गया है जबकि अधिकतम तापमान ऊना में 32.6 डिग्री रिकार्ड किया गया है। केलांग, कल्पा, मनाली, नारकंडा, रिकांगपिओ, समदो में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चल रहा है। केलांग में 3.9, कल्पा में 6.4, मनाली में 8.7, नारकंडा में 9.9, रिकांगपिओ में 9.6, समदो में 7.2 डिग्री न्यूनतम तापमान बना हुआ है। 

16 अक्तूबर को भारी बारिश और हिमपात की संभावना अधिक : सुरिंद्र पाल
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरिंद्र पाल ने कहा कि एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 16 अक्तूबर को चम्बा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा जबकि लाहौल-स्पीति और चम्बा (ऊंचाई वाले इलाकों) में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा/हिमपात होने की संभावना है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News