कांग्रेस की शालीनता को कमजोरी न समझे भाजपा : वीरभद्र सिंह

punjabkesari.in Saturday, May 11, 2019 - 10:08 PM (IST)

शिमला: पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भाजपा को चेतावनी दी है कि उनकी शालीनता को कमजोरी न समझा जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को चेतावनी दी कि यदि पूर्व कांग्रेस सरकार के समय में ग्रामीण क्षेत्रों में खोले गए शिक्षण एवं अन्य संस्थान बंद करने की कोशिश की गई तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। कांग्रेस ईंट का जवाब पत्थर के साथ देना भी जानती है। वीरभद्र सिंह चौपाल में कांग्रेस की जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कांग्रेस की देन है जबकि भाजपा ने तो हिमाचल गठन के समय खुलकर विरोध किया था। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने हिमाचल आकर प्रदेश के लोगों को सौगात दी थी। तत्कालीन मुख्यमंत्री डा. यशवंत सिंह परमार ने उस समय जो विकास का पौधा रोपा था, उसको उन्होंने आगे बढ़ाया। इस जनसभा में पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल भी शामिल हुईं।

मोदी सरकार ने तोड़ा लोगों का भरोसा

इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा ने आरोप लगाया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने लोकतंत्र में देश के लोगों का भरोसा तोड़ा है। भाजपा ने पिछले चुनाव के दौरान जो वायदे देश की जनता से किए थे, उनको पूरा नहीं किया। नोटबंदी से जी.डी.पी. में भारी गिरावट से देश की अर्थव्यवस्था को भारी नुक्सान झेलना पड़ा। हर वर्ष 2 करोड़ रोजगार देने का वायदा भी हवा-हवाई साबित हुआ। उन्होंने कहा कि केंद्र में कांग्रेस सरकार आते ही सब के साथ न्याय होगा। 

देश को जुमलेबाजी से मुक्त करने का समय आ गया

वहीं प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि आज देश को ऐसी सरकार की सख्त जरूरत है, जो देश को एकजुट और मजबूत रख सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 2 बड़े नेता वीरभद्र सिंह व आनंद शर्मा ने देश और प्रदेश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि देश को जुमलेबाजी से मुक्त करने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है, जिससे भाजपा परेशान है। भाजपा नेताओं की भाषा उसकी बौखलाहट को साफ दर्शा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने हिमाचल प्रदेश की सभ्य संस्कृति को दागदार करने की पूरी कोशिश की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News