Una: कांग्रेस सरकार में मित्रों का हो रहा विकास : राजेन्द्र राणा
punjabkesari.in Saturday, Sep 13, 2025 - 07:00 PM (IST)

ऊना (मनोहर): भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र राणा ने कहा कि प्रदेश में जब से कांग्रेस सरकार बनी है तब से सीएम खजाना खाली होने की बात करते हैं। आज प्रदेश का आर्थिक कुप्रबंध हुआ है इसके लिए सीएम जिम्मेदार हैं। इस समय हिमाचल प्रदेश में एक ही मित्रों का वर्ग और मित्रों की सरकार है और मित्रों का विकास हो रहा है।
ऊना में प्रदेश भाजपा सह मीडिया प्रभारी राजकुमार पठानिया, ऊना मंडलाध्यक्ष देवेन्द्र कौशल, महामंत्री नरेन्द्र ठाकुर व अन्य नेताओं के साथ पत्रकार वार्ता के दौरान राजेन्द्र राणा ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार ने हिमाचल प्रदेश को लगातार फंडिंग की है। इसके बावजूद कांग्रेस नेताओं द्वारा बार-बार कहा जाता है कि हिमाचल प्रदेश को कुछ नहीं मिला। जब विस के अंदर विधायकों ने सवाल किया तो राजस्व मंत्री ने आंकड़े दिए कि केन्द्र सरकार की तरफ से 3500 करोड़ रुपए अलग-अलग मद में मिले हैं।
अब केन्द्र की तरफ से 1500 करोड़ रुपए का विशेष पैकेज हिमाचल प्रदेश को मिला इसमें मोदी ने कोई भेदभाव नहीं किया। कांग्रेस पार्टी व प्रदेश कांग्रेस सरकार को इसके लिए धन्यवाद करना चाहिए था। अभी 7 केन्द्रीय मंत्री हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग स्थानों का जायजा लेने के लिए चयनित हुए हैं जिससे आकलन हो कि हिमाचल प्रदेश को कितना नुक्सान हुआ है। केन्द्र सरकार की तरफ से आपदा में हिमाचल को 5125 करोड़ रुपए आ चुके हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1 लाख मकान दिए गए। हिमाचल में बन रहे नैशनल हाईवे और फोरलेन में 1 लाख करोड़ रुपए के काम चल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 2023 में प्रदेश की आपदा के समय प्रदेश की जनता, उद्योगपतियों व बाहर रहने वाले लोगों ने हिमाचल सरकार व मुख्यमंत्री राहत कोष में अरबों रुपए दिए लेकिन जिन लोगों को यह पैसा मिलना चाहिए था उनकी भावना के अनुरूप नहीं मिला। इसी कारण सीएम राहत कोष में इस बार आपदा के समय लोग पैसा नहीं दे रहे हैं। जहां-जहां भी चुनाव हुए वहां हिमाचल की कांग्रेस सरकार की चर्चा हुई। कांग्रेस सरकार ने जो 10 गारंटियां दी वह पूरी नहीं की।