Una: सऊदी अरब में नौकरी के नाम पर युवक से ठगी, न विदेश भेजा और न लाइसैंस लौटाया
punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 09:59 PM (IST)
अम्ब (अश्विनी): कोर्ट के आदेश पर अम्ब पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने के आरोप में नंगल की एक कम्पनी से जुड़े 3 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार उपमंडल अम्ब के तहत गांव ज्वार निवासी अशोक कुमार पुत्र गुरदेव सिंह ने शिकायत में बताया है कि उनका बेटा रोहित कुमार पोकलेन ऑप्रेटर है और नौकरी की तलाश में था। नवम्बर, 2015 में अम्ब में आरोपी उनसे मिले और सऊदी अरब की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपियों ने रोहित कुमार को 1500 रियाल मासिक वेतन, ओवरटाइम तथा मुफ्त आवास व भोजन की सुविधा देने का आश्वासन दिया। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने पासपोर्ट व ड्राइविंग लाइसैंस लेकर वीजा व टिकट के नाम पर लगभग 80 हजार रुपए की मांग की, जिसके लिए उसने ऋण लेकी पैसे का इंतजाम किया।
इसके अतिरिक्त दिल्ली में मैडीकल जांच और साक्षात्कार के नाम पर भी 6500 रुपए खर्च करवाए गए लेकिन बाद में उन्होंने उसे विदेश नहीं भेजा। उसके कुछ समय बाद आरोपियों ने 25,000 रुपए और पासपोर्ट वापस कर दिया लेकिन शेष 61,500 रुपए और ड्राइविंग लाइसैंस वापस नहीं किया। शिकायत में संगीन आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने बेटे का ड्राइविंग लाइसैंस का दुरुपयोग करके किसी अन्य व्यक्ति को सऊदी अरब में ड्राइवर की नौकरी पर नियुक्त करवा दिया है। एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुए मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

