चोरों ने भगवान के घर को भी नहीं बख्शा, ऊना के मंदिर में ताले तोड़कर नकदी पर किया हाथ साफ

punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 04:16 PM (IST)

ऊना। जहाँ भक्त अपनी मुरादें लेकर शीश नवाते हैं, वहाँ शातिर चोरों ने अंधेरे का फायदा उठाकर 'हाथ साफ' कर दिया। जिला ऊना के तहत डंगोली स्थित सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चोरों ने न केवल मंदिर की पवित्रता को ठेस पहुँचाई, बल्कि दानपात्र और कीमती सामान पर भी कब्जा कर लिया।

घटना का खुलासा सोमवार सुबह हुआ जब मंदिर के प्रबंधक और सेवादार रोजाना की तरह पूजा-पाठ के लिए पहुँचे। मंदिर के मुख्य द्वार पर टूटे हुए ताले देखकर उनके पांव तले जमीन खिसक गई। अंदर का नजारा और भी हृदयविदारक था; सामान बिखरा पड़ा था और मंदिर की शांति भंग हो चुकी थी।

क्या-क्या ले गए शातिर?

रिटायर्ड सूबेदार एवं मंदिर के सेवादार दिलबाग सिंह ठाकुर के अनुसार, चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे। चोरों ने मंदिर के दानपात्र को निशाना बनाया और उसमें जमा श्रद्धालुओं की श्रद्धा राशि (नकदी) ले उड़े। मंदिर का म्यूजिक सिस्टम और अन्य महत्वपूर्ण उपकरण गायब मिले।

चोरों ने अलमारियों को खंगालकर कीमती सामान ढूंढने की कोशिश की और पूरे परिसर में सामान तितर-बितर कर दिया।

गौर करने वाली बात यह है कि अभी कुछ दिन पहले ही यहाँ श्रीमद् भागवत कथा संपन्न हुई थी। भारी भीड़ और चढ़ावे की उम्मीद में शायद चोरों ने पहले से ही मंदिर की रेकी की थी।

जांच में जुटी पुलिस: CCTV खंगालने की तैयारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना ऊना की टीम ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार भाटिया ने पुष्टि की है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अब गांव और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज देख रही है ताकि आरोपियों के हुलिए और भागने के रास्ते का सुराग लग सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News