पशु मित्र भर्ती: ऊना में शारीरिक परीक्षा का शेड्यूल जारी, 17 से 19 फरवरी तक होगी आयोजित

punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 06:28 PM (IST)

Una News: ऊना जिला के पशु चिकित्सा संस्थानों में मल्टी टास्क वर्कर (पशु मित्र) के 36 रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया के तहत शारीरिक परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। यह शारीरिक परीक्षाएं जिला के सभी उपमंडलों में 17 से 19 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी। यह जानकारी पशुपालन विभाग ऊना के उप निदेशक वीरेंद्र सिंह पटियाल ने दी।

गगरेट और अंब में परीक्षा

उप निदेशक ने बताया कि उपमंडल गगरेट के अंतर्गत पशु चिकित्सालय बढ़ेड़ा राजपूतां, सिविल वेटनरी डिस्पेंसरी पांबड़ा, वेटनरी डिस्पेंसरी नंगल जरियालां तथा अंबोटा के लिए पशु मित्र भर्ती की शारीरिक परीक्षा 17 फरवरी को सुबह 9 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अंबोटा के मैदान में आयोजित की जाएगी। उपमंडल अंब के अंतर्गत पशु चिकित्सालय रिपोह मिसरां, सलोई तथा वेटनरी डिस्पेंसरी भरवाईं के लिए शारीरिक परीक्षा 18 फरवरी को सुबह 9 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अंब के मैदान में होगी। उपमंडल बंगाणा के अंतर्गत उपविभागीय पशु चिकित्सालय बंगाणा, पशु चिकित्सालय लठियाणी, थानाकलां, रायपुर मैदान, चौकीमिनार, वेटनरी डिस्पेंसरी तलमेहड़ा, छपरोह कलां तथा वीसीपी मंदली के लिए शारीरिक परीक्षा 18 फरवरी को सुबह 10 बजे बंगाणा के चिली (डूमखर) गौशाला के समीप मैदान में आयोजित की जाएगी।

उपमंडल हरोली के अंतर्गत वीसीपी ललड़ी, पशु चिकित्सालय भदसाली, वीसीपी पंडोगा, पशु चिकित्सालय बीटन, वेटनरी डिस्पेंसरी ललड़ी, सलोह तथा छोटा दौलतपुर के लिए शारीरिक परीक्षा 18 फरवरी को सुबह 11 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरोली के मैदान में होगी। इसके अतिरिक्त उपमंडल ऊना के अंतर्गत मुर्राह ब्रीडिंग फार्म बरनोह, जोनल पशु चिकित्सालय बरनोह, जीपीएफ जलग्रां, पूल स्टोर ऊना, पशु चिकित्सालय बसदेहडा, मजारा तथा वेटनरी डिस्पेंसरी देहलां अपर के लिए शारीरिक परीक्षा 19 फरवरी को सुबह 11 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) ऊना के मैदान में आयोजित की जाएगी।

पटियाल ने बताया कि शारीरिक परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को एक मिनट के भीतर 25 किलोग्राम वजन को 100 मीटर तक ले जाना अनिवार्य होगा। शारीरिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की मेरिट सूची पशु मित्र भर्ती समिति द्वारा तैयार की जाएगी। प्रत्येक संस्थान के लिए मेरिट के आधार पर 5 अभ्यर्थियों का पैनल तैयार किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति से पूर्व काउंसलिंग के दौरान मूल दस्तावेजों के सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा, जिसकी तिथि अलग से अधिसूचित की जाएगी। उन्होंने सभी आवेदकों से आग्रह किया कि वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शारीरिक परीक्षा में समय पर उपस्थित होना सुनिश्चित करें।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News