Kangra: डाकघर से चुराए 1.85 लाख, 3 दिन में उड़ा दिए 40 हजार! पुलिस ने ऐसे दबोचा छत्तीसगढ़ का शातिर चोर
punjabkesari.in Tuesday, Nov 03, 2026 - 02:43 PM (IST)
धर्मशाला: धर्मशाला के दाड़ी स्थित उप डाकघर में हुई चोरी की वारदात का कांगड़ा पुलिस ने महज चंद दिनों के भीतर पटाक्षेप कर दिया है। पुलिस ने इस सेंधमारी को अंजाम देने वाले एक अंतर्राज्यीय शातिर को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई रकम का बड़ा हिस्सा भी बरामद कर लिया है।
मामले की पुष्टि करते हुए कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने बताया कि बीते 28 अक्तूबर की देर रात दाड़ी डाकघर में सेंधमारी कर वहां रखे 1 लाख 85 हजार रुपए उड़ा लिए गए थे। सरकारी संस्थान में हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू की। अपराध की गंभीरता को भांपते हुए धर्मशाला पुलिस तुरंत एक्शन में आई और तकनीकी साक्ष्यों व खुफिया नैटवर्क को सक्रिय किया। इसी कड़ी में पुलिस ने जाल बिछाते हुए 31 अक्तूबर को छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के निवासी 32 वर्षीय राजेश कुमार कौशिक को धर दबोचा।

पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई तो वह पुलिस के सवालों के आगे टिक नहीं सका और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कार्रवाई करते हुए चोरी की कुल रकम में से 1 लाख 45 हजार रुपए की नकदी बरामद कर ली है। तफ्तीश के दौरान यह तथ्य भी सामने आया है कि शातिर ने वारदात के बाद महज तीन दिनों के भीतर ही शेष 40 हजार रुपए खर्च कर दिए थे।
पुलिस की छानबीन में यह चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ है कि आरोपी राजेश कुमार इलाके में दिहाड़ी-मजदूरी करने की आड़ में रह रहा था, ताकि स्थानीय लोगों और पुलिस को उस पर किसी तरह का संदेह न हो। हालांकि, जब पुलिस ने उसके अतीत की कुंडली खंगाली तो उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि उजागर हुई। आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को सलाखों के पीछे भेजकर उसके खिलाफ आगामी कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

