Kangra: महिला को अनजान शख्स की मदद लेना पड़ा महंगा, शातिर ने ATM Card बदलकर खाते से उड़ाए हजारों रुपए

punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2026 - 12:31 PM (IST)

कांगड़ा (कालड़ा): कांगड़ा थाना क्षेत्र में लंबे अंतराल के बाद एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने का एक नया मामला सामने आया है। यहां एक शातिर युवक ने मदद करने के बहाने एक महिला का एटीएम कार्ड बदल लिया और उसके बैंक खाते से 38 हजार रुपए निकाल लिए। ठगी की यह पूरी वारदात एटीएम कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कांगड़ा की रहने वाली एक महिला पैट्रोल पंप के सामने स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में नकदी निकालने गई थी। मशीन से पैसे निकालते समय महिला को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी दौरान एटीएम बूथ के अंदर एक अज्ञात युवक दाखिल हुआ। उसने बड़ी ही चालाकी से महिला को अपनी बातों में उलझाया और पैसे निकालने में मदद करने की पेशकश की। महिला उसके झांसे में आ गई, जिसका फायदा उठाकर शातिर युवक ने बड़ी सफाई से उसका असली एटीएम कार्ड बदल लिया और उसे दूसरा कार्ड थमा दिया।

मटौर में जाकर निकाले पैसे, मैसेज देख उड़े होश
ठगी का शिकार हुई महिला जब एटीएम से वापस आ गई, तो कुछ समय बाद उसके मोबाइल पर बैंक की तरफ से पैसे कटने का मैसेज आया। शातिर युवक ने कार्ड बदलने के बाद मटौर स्थित किसी अन्य एटीएम में जाकर महिला के कार्ड का इस्तेमाल किया और उसके खाते से 38,000 रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर 38 हजार रुपए कटने का मैसेज देखकर महिला के होश उड़ गए और उसे अपने साथ हुई इस चालाकी व ठगी का एहसास हुआ।

मामले की जांच में जुटी पुलिस 
घटना के बाद पीड़ित महिला ने तुरंत कांगड़ा पुलिस थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस पीएनबी एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है, जिसमें आरोपी युवक की यह करतूत स्पष्ट रूप से कैद हुई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे एटीएम में किसी अनजान व्यक्ति से मदद न लें और अपना पिन नंबर हमेशा गुप्त रखें।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News