Kangra: देशभर की 13 टीमों में टांडा मैडीकल कॉलेज ने हासिल किया दूसरा स्थान
punjabkesari.in Thursday, Oct 29, 2026 - 11:56 AM (IST)
कांगड़ा (किशोर): पीजीआई चंडीगढ़ के त्वचा रोग विभाग की ओर से आयोजित एचआईवीईएस समिट-2026 में टांडा मैडीकल कॉलेज के डॉक्टरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्विज प्रतियोगिता में देशभर की 13 टीमों में दूसरा स्थान हासिल किया। टांडा मैडीकल कॉलेज के त्वचा रोग विभाग की डॉ. एकता सिंह और डॉ. विपुल कुमारी ने यह उपलब्धि हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया। कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मिलाप शर्मा ने दोनों डॉक्टरों को इस उपलब्धि पर बधाई दी। सम्मेलन का मुख्य विषय ‘एंटी-हिस्टामाइन से परे अर्टिकेरिया : नई संभावनाओं की खोज’ रहा। इसमें पित्ती, एंजियोएडेमा और दवाओं से होने वाले त्वचा संबंधी रैशेज के आधुनिक उपचार तथा नई चिकित्सकीय संभावनाओं पर विशेषज्ञों ने विचार-विमर्श किया। टांडा मैडीकल कॉलेज के त्वचा रोग विभागाध्यक्ष डॉ. केएस मेहता और वरिष्ठ त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. पीएस चौहान भी सम्मेलन में मौजूद रहे।

