सेवानिवृत्त फौजी के बेटे को मदद लेनी पड़ी महंगी, खाते से निकले 2 लाख

punjabkesari.in Thursday, Feb 08, 2018 - 11:47 PM (IST)

अम्ब: विभिन्न बैंकों के परिसर में लगे ए.टी.एम. काऊंटरों पर ठगी की फिराक में बैठे ठगों से सावधान रहें। ठगों ने एक सेवानिवृत्त फौजी के अकाऊंट से 2 लाख 2 हजार रुपए निकाल लिए हैं। पीड़ित की शिकायत पर अम्ब पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फौज से रिटायर कुलदीप चंद पुत्र परस राम निवासी निचला अंदौरा ने शिकायत दर्ज करवाई है कि गत 2 फरवरी को पैसों की जरूरत पडऩे पर उसने अपना ए.टी.एम. कार्ड अपने बेटे को दिया, जिसने अम्ब स्थित एक बैंक की शाखा में स्थापित ए.टी.एम. से 5 हजार रुपए निकालकर उसे दे दिए और साथ में ए.टी.एम. कार्ड भी दे दिया। 

बैंक कर्मियों ने घर आकर दी जानकारी
अगले दिन 3 फरवरी को बैंक के कर्मचारी उसके घर आए और कहने लगे कि आपके खाते से लगातार पैसे निकल रहे हैं। क्या वह पैसे निकाल रहे हैं। उसने उन्हें बताया कि ए.टी.एम. कार्ड तो उसके पास है। पता चलते ही वह बैंक गया और वहां से स्टेटमैंट निकाली तो अकाऊंट से 2 लाख 2 हजार रुपए निकले पाए गए। 

बैलेंस स्लिप के लिए ली थी 2 लड़कों की सहायता 
जब उसने लड़के से इस बारे पूछताछ की तो उसने बताया कि पैसे निकालते वक्त बैलेंस स्लिप न निकलने पर वहां पर खड़े 2 लड़कों ने उसकी सहायता की थी। पैसे निकालते समय वे दोनों पूरी प्रक्रिया को देख रहे थे और उन्होंने सहायता के दौरान ए.टी.एम. कार्ड बदल दिया होगा। डी.एस.पी. अम्ब अजय राणा का कहना है कि पुलिस ने आई.पी.सी. की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News