Shimla: पूर्व सीएम स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में आएंगी सोनिया गांधी, खरगे के आने पर संशय

punjabkesari.in Sunday, Oct 05, 2025 - 06:22 PM (IST)

शिमला (राक्टा): पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की ऐतिहासिक रिज मैदान पर लगाई गई प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी का आना लगभग तय है। उनके कार्यालय की तरफ से इस संदर्भ में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय को अवगत करवा दिया गया है। हालांकि प्रस्तावित दौरा स्वास्थ्य पर भी निर्भर करेगा। 13 अक्तूबर को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आने पर अभी संशय है, जबकि पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी व केसी वेणुगोपाल, सांसद राजीव शुक्ला और प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल सहित अन्य केंद्रीय नेताओं के कार्यक्रम में आने की सूचना मिल चुकी है।

सोनिया को सौंपी जाएगी वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान की हस्ताक्षर रिपोर्ट
प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के उपरांत एक जनसभा भी आयोजित की जाएगी। इस दौरान हिमाचल में शुरू किए गए पार्टी के राष्ट्रव्यापी वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान की हस्ताक्षर रिपोर्ट भी सोनिया गांधी को सौंपी जाएगी, ऐसे में 12 अक्तूबर तक 1 लाख हस्ताक्षर करवाने का लक्ष्य रखा गया है। हर विधानसभा क्षेत्र से 1500 हस्ताक्षर करवाने का टारगेट है। देखा जाए तो कांग्रेस वोट चोरी के मुद्दे को छोड़ना नहीं चाहती और पार्टी की पूरी कोशिश है कि इस मुद्दे से जन-जन को जोड़ा जाए। इसी लक्ष्य के साथ कांग्रेस ने राष्ट्रव्यापी वोट चोर-गद्दी छोड़ हस्ताक्षर अभियान चला रखा है। प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल भी नेताओं को उचित निर्देश दे चुकी हैं। सोमवार से अभियान की डेली रिपोर्ट तैयार होगी तथा प्रदेश पार्टी मुख्यालय में स्थापित किए गए कंट्रोल रूम के माध्यम से अभियान की निगरानी की जाएगी।

पार्टी बैनर-झंडे के साथ उतरेंगे नेता
राज्य में कांग्रेस नेता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाते हुए पार्टी के बैनर व झंडे के साथ घर-घर जाकर वोट चोरी के मुद्दे से आमजन को अवगत करवाएंगे। सोमवार से मंत्री व विधायक भी अभियान को गति देंगे। मुख्यमंत्री अभियान के शुभारंभ अवसर पर पहला हस्ताक्षर कर आमजन से लोकतंत्र की लड़ाई लड़ने के लिए आगे आने का आह्वान कर चुके हैं। पार्टी का प्रयास है कि वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान का नारा गली-गली में गूंजे।

बिना संगठन चलेगा अभियान
प्रदेश में कांग्रेस का वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान बिना संगठन के चलेगा। ऐसे में जिला पर्यवेक्षकों पर अभियान को गति देने का अहम जिम्मा रहेगा। गौर हो कि कांग्रेस की प्रदेश से लेकर जिला व ब्लॉक कार्यकारिणी 11 माह से भंग है। पार्टी हाईकमान ने अभियान केे लिए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को संयोजक और राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप सिंह राठौर सह संयोजक नियुक्त किया है। विधायकों को जिलावार पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी दी है।

एक लाख का लक्ष्य : हिमराल
अभियान की निगरानी के लिए प्रदेश पार्टी मुख्यालय में स्थापित किए गए कंट्रोल रूम के सह प्रभारी एवं कांगड़ा को-ऑप्रेटिव बैंक निदेशक मंडल के सदस्य हरिकृष्ण हिमराल ने बताया कि वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान के तहत कांग्रेस घर-घर तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि 1 लाख का लक्ष्य रखा गया है, जिसे 12 अक्तूबर तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में पार्टी की राष्ट्रीय नेता सोनिया गांधी का आना प्रस्तावित है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News