क्रिप्टो करंसी के दर्ज मामलों की जांच के लिए एसआईटी गठित
punjabkesari.in Tuesday, Sep 26, 2023 - 10:56 PM (IST)

शिमला (संतोष): राज्य के विभिन्न थानों में क्रिप्टो करंसी के दर्ज हुए मामलों की जांच के लिए आईपीएस अधिकारी अभिषेक दुल्लर की अध्यक्षता में 8 सदस्यीय टीम गठित कर दी है। इसके अलावा 5 लोगों को एसआईटी सदस्य बनाया गया है। पुलिस महानिदेशक द्वारा इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। एसआईटी के अध्यक्ष अभिषेक दुल्लर मौजूदा समय में डीआईजी नॉर्दन रेंज के पद पर आसीन हैं। इसमें एसपी साइबर क्राइम रोहित मालपानी सदस्य-1, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम कांगड़ा प्रवीण धीमान सदस्य-2, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम मंडी मनमोहन सिंह सदस्य-3, एसडीपीओ कांगड़ा अंकित शर्मा सदस्य-4, एसडीपीओ नूरपुर विशाल वर्मा सदस्य-5, एसडीपीओ पालमपुर लोकेंद्र नेगी सदस्य-6 और एसडीपीओ ज्वाली वीरी सिंह सदस्य-7 होंगे। इसके अलावा 5 लोग एसआईटी मैंबर्ज होंगे, जिसमें एएसपी मंडी अमित यादव, एसएचओ पालमपुर संदीप कुमार, इंस्पैक्टर साइबर पुलिस स्टेशन नॉर्थ रेंज धर्मशाला कमलेश कुमार, इंस्पैक्टर पुलिस लाइन बद्दी श्याम लाल व सब इंस्पैक्टर पुलिस स्टेशन बल्ह लेखराज शामिल हैं।
एसआईटी के ये होंगे काम
पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू द्वारा जारी आदेशों के तहत यह एसआईटी राज्य के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में दर्ज क्रिप्टो करंसी से संबंधित मामलों की वित्तीय जांच सहित पेशेवर और निष्पक्ष जांच करेगी। एसआईटी भविष्य में कैलेंडर वर्ष 2023 के दौरान राज्य के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में दर्ज क्रिप्टो करंसी से संबंधित मामलों की पेशेवर और निष्पक्ष जांच भी करेगी। एसआईटी मामलों की गहनता से और तेजी से जांच करेगी और समय-समय पर जांच की प्रगति के संबंध में पुलिस मुख्यालय को अपडेट करेगी।
इन पुलिस स्टेशनों में दर्ज हैं मामले
प्रदेश के 8 पुलिस थानों में क्रिप्टो करंसी से संबंधित मामले दर्ज हुए हैं। इनमें 30 जनवरी, 2022 को पुलिस थाना बद्दी, 26 फरवरी, 2022 को पुलिस थाना बल्ह, 5 अप्रैल, 2022 को पुलिस थाना बल्ह के तहत दो, 7 सितम्बर, 2022 को पुलिस थाना बल्ह, 23 जनवरी, 2023 को साइबर पुलिस थाना शिमला, पुलिस थाना साइबर क्राइम मंडी और 24 सितम्बर, 2023 को पुलिस थाना पालमपुर में इससे संबंधित मुकद्दमे दायर हुए हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here