Bilaspur: बलोह में मिला पाकिस्तानी गुब्बारा, पुलिस ने शुरू की जांच

punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 11:18 PM (IST)

शाहतलाई (हिमल): जिला के तहत थाना शाहतलाई के अंतर्गत बलोह पंचायत के बलोह गांव में शनिवार सुबह एक संदिग्ध गुब्बारा मिलने से क्षेत्र में हलचल मच गई। गुब्बारे पर उर्दू भाषा में लिखावट के साथ अंग्रेजी में पाकिस्तान इंटरनैशनल एयरलाइन्स लिखा पाया गया, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार स्थानीय निवासी रतन चंद सुबह अपने खेतों की ओर गए थे। इस दौरान उनकी नजर खेत में पड़े एक गुब्बारे पर पड़ी। पास जाकर देखने पर गुब्बारे पर पाकिस्तान से संबंधित लिखावट देख उन्होंने इसे संदिग्ध मानते हुए तुरंत अन्य ग्रामीणों को सूचित किया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

मामले की सूचना मिलते ही शाहतलाई पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और गुब्बारे को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया। पुलिस यह पता लगाने में जुट गई है कि यह गुब्बारा कहां से और किन परिस्थितियों में यहां तक पहुंचा। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर जिज्ञासा के साथ-साथ थोड़ी चिंता भी देखी गई, हालांकि पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की है। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बलोह में मिले गुब्बारे को जांच के लिए भेजा गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News