Chamba: 10 ANO बने सैकेंड ऑफिसर, लैफ्टिनैंट स्तर का मिला दर्जा

punjabkesari.in Monday, Apr 06, 2026 - 05:31 PM (IST)

चम्बा (काकू): नैशनल कैडेट कोर (एनसीसी) के तहत जिला चम्बा के विभिन्न विद्यालयों के कुल 10 एसोसिएट एनसीसी अधिकारी (एएनओ) ने प्री-कमीशन प्रशिक्षण पाठ्यक्रम (पीआरसीएन) मई 2024 बैच को सफलतापूर्वक पूर्ण किया है। यह प्रशिक्षण ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी, कैंप्टी (महाराष्ट्र) में किया गया। प्रशिक्षण उपरांत सभी अधिकारियों को औपचारिक रूप से एनसीसी के एएनओ कैडर में सम्मिलित किया गया, जहां उन्हें सैकेंड ऑफिसर (लैफ्टिनैंट स्तर) का दर्जा प्रदान किया गया।

इन सफल अधिकारियों में पीएम श्री बाल विद्यालय चम्बा के भूगोल विषय के प्रवक्ता धीरज सिंह, खणी स्कूल के कमलेश, बाथरी के सुरिंद्र, ककीरा के गौरव नूरपुर के ओम प्रकाश तथा तीसा स्कूल के मनोज सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं, जिन्होंने इस उपलब्धि को हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। इसके अतिरिक्त बगढार स्कूल के प्रवक्ता रविंद्र कुमार ने भी यह प्रशिक्षण पूरा कर लिया है।

उक्त अधिकारियों की प्रमुख जिम्मेदारियों में एनसीसी कैडेट्स का प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन, परेड व शिविरों का आयोजन, अनुशासन एवं नेतृत्व विकास गतिविधियों का संचालन तथा संस्थानों के प्रशासनिक कार्यों में सहयोग शामिल है। हाल ही में आयोजित पाइपिंग सैरेमनी के दौरान इन अधिकारियों को कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में औपचारिक रूप से रैंक प्रदान की गई।

इस अवसर पर सभी एएनओ ने एचपी बटालियन एनसीसी डल्हौजी तथा ओटीए कैंप्टी के प्रशिक्षण स्टाफ का उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। समारोह का सफल आयोजन कमांडिंग ऑफिसर कर्नल कौशल, एडम ऑफिसर बीएस सिंधु, 9 एचपी एनएनसी बटालियन डल्हौजी के समस्त आर्मी स्टाफ, सूबेदार जोगिंदर तथा सभी पीआई एवं प्रशासनिक स्टाफ के सहयोग से संपन्न हुआ। विशेष रूप से इस गौरवपूर्ण अवसर पर एएनओ अधिकारियों के परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस उपलब्धि को और अधिक गौरवमयी बना दिया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News