Weather update: 18 तक साफ, 19 से करवट ले सकता है मौसम

punjabkesari.in Sunday, Oct 13, 2024 - 09:37 PM (IST)

शिमला (संतोष): कुछ दिनों से बारिश न होने के कारण धूप खिलने के साथ ही दिन में जहां गर्मी का अहसास हो रहा है, वहीं सुबह-शाम व रात्रि में तापमान में गिरावट आ जाने से ठंडक भी बढ़ गई है। करीब एक सप्ताह में हिमाचल प्रदेश में सामान्य से 91 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। प्रदेश के 7 जिलों में बारिश लगभग शून्य रही है, जिसके चलते प्रदेश के मैदानी इलाकों में ठंड और कोहरा लगातार बढ़ रहा है, जबकि उच्च पर्वतीय इलाकों का न्यूनतम तापमान भी गिर गया है। रविवार को ऊना में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री, राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री रहा, वहीं न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में 1.8 डिग्री दर्ज किया गया है।

कई इलाकों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तो कई जगहों पर 5 डिग्री से नीचे आ गया है। कल्पा में 5.4, केलांग में 3.7, मनाली में 8.1, समधो में 6, सराहन में 9.5 डिग्री न्यूनतम तापमान चल रहा है। इसके अलावा राजधानी शिमला में 12.2, ऊना में 14, सोलन में 12.5, पालमपुर में 11.5, धर्मशाला में 14.8 डिग्री न्यूनतम तापमान चला हुआ है, जिससे रात्रि व सुबह-शाम लोग ठंड से जूझ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 16 अक्तूबर तक मौसम पूरी तरह से साफ व शुष्क बना रहेगा, जबकि 17 अक्तूबर को उच्च पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं वर्षा होने के आसार हैं, जबकि मैदानी व मध्य इलाके शुष्क रहेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News