Weather Update: मैदानी इलाकों में उमस और गर्मी से छूटे पसीने, 4 दिन बारिश-आंधी का यैलो अलर्ट
punjabkesari.in Sunday, Jun 21, 2026 - 10:15 PM (IST)
शिमला (संतोष): हिमाचल में पहाड़ों से लेकर मैदानों तक मौसम के मिजाज में बड़ा फेरबदल देखने को मिल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने राज्य के कई जिलों में 22 से 25 जून के बीच गरज-चमक, अंधड़ और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए यैलो अलर्ट जारी किया है। इस बीच प्रदेशवासियों को मानसून की फुहारों के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा, क्योंकि इस बार मानसून की चाल बेहद सुस्त बनी हुई है। रविवार को राजधानी शिमला और आसपास के इलाकों में शाम के समय हुई हल्की से मध्यम बारिश ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को चिलचिलाती गर्मी से बड़ी राहत दी।
शिमला में 3 मिलीमीटर वर्षा हुई और बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और पूरी फिजा सुहावनी हो गई। इसके विपरीत प्रदेश के मैदानी और निचले इलाकों में रविवार को दिनभर मौसम पूरी तरह साफ रहा। धूप खिलने के कारण मैदानी क्षेत्रों के तापमान में अचानक उछाल आया है, जिससे लोग उमस और भीषण गर्मी से बेहाल नजर आए। रविवार को अधिकतम तापमान बिलासपुर में 38 डिग्री, ऊना में 37.6 डिग्री व राजधानी शिमला में 26.6 डिग्री रहा।
आगामी दिनों में होने वाली प्री-मानसून बौछारें इस गर्मी से राहत दिला सकती है, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण अगले चार दिनों तक इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आसमानी बिजली कड़कने की चेतावनी जारी की है। चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में 22 से 25 जून तक लगातार चार दिनों का यैलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में 23, 24 और 25 जून को मौसम खराब रहने का अलर्ट है। सिरमौर जिला में 24 और 25 जून को अंधड़ और बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, किन्नौर तथा लाहौल-स्पीति जिलों के लिए फिलहाल मौसम विभाग की ओर से कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, हालांकि यहां भी कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है।

