Weather Update: हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट, बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी

punjabkesari.in Monday, Jun 29, 2026 - 09:52 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के लिए अगले 7 दिनों का पूर्वानुमान जारी करते हुए 1 से 5 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश का यैलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 30 जून को प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 1 जुलाई को कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। उसके बाद 2 से 5 जुलाई तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

पूर्वानुमान के मुताबिक 30 जून को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं 1, 4 और 5 जुलाई को अनेक स्थानों पर बारिश का दौर तेज रहने के आसार हैं। 2 और 3 जुलाई को भी अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में 1 से 5 जुलाई के बीच 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 6 मिलीमीटर वर्षा मंडी जिले के मुरारी देवी में रिकॉर्ड की गई। वहीं न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में 8.3 डिग्री सैल्सियस और अधिकतम तापमान ऊना में 38 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और पहाड़ी ढलानों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा है कि लोग मौसम से जुड़ीं चेतावनियों और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News