Weather Update: प्रदेश में दो दिन भारी बारिश का यैलो अलर्ट

punjabkesari.in Wednesday, Jun 24, 2026 - 09:08 PM (IST)

शिमला (संतोष): प्रदेश में प्री-मानसून की गतिविधियां लगातार सक्रिय हैं, जिससे अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राजधानी शिमला सहित कई इलाकों में बुधवार को दिन भर रुक-रुक कर झमाझम बारिश का दौर जारी रहा, जिससे जून के अंतिम सप्ताह में भी लोगों को हल्की ठंडक का अहसास होने लगा है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार थोड़ी सुस्त है, जिसके कारण हिमाचल में इसकी एंट्री सामान्य तिथि से कुछ देरी से हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार बुधवार को सुंदरनगर में सबसे अधिक 30.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा सोलन में 12, शिमला में 9.6, जुब्बड़हट्टी में 5.3 और धर्मशाला व मंडी में 1.2-1.2 मिलीमीटर बारिश हुई। बीते 24 घंटों में रोहड़ू में 6, बरठीं में 5.6 मि.मी. और चौपाल में 5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान बिलासपुर में 63 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलीं। बारिश के बाद पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम सुहावना हो गया है। राजधानी शिमला का अधिकतम तापमान 21.3 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, मैदानी इलाकों में अभी भी गर्मी का असर है और ऊना जिला 38.2 डिग्री सैल्सियस के साथ पूरे प्रदेश में सबसे गर्म रहा।

मानसून की चाल सुस्त, 29-30 जून को दस्तक के आसार
हिमाचल प्रदेश में मानसून के पहुंचने की सामान्य तिथि 25 जून मानी जाती है। पिछले वर्ष यह 20 जून को ही आ गया था, लेकिन इस बार इसकी प्रगति थोड़ी धीमी है। वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा दहानू, वर्धा, रायपुर और मोतिहारी के आसपास बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी तंत्र सक्रिय रहने के कारण अगले एक सप्ताह तक प्री-मानसून की बारिश जारी रहेगी और 29-30 जून के आसपास मानसून हिमाचल में प्रवेश कर सकता है।

आगामी दिनों में अब ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 30 जून तक प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ होने की उम्मीद नहीं है। 25 व 26 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना बनी रहेगी। 27 से 28 जून को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। 29 व 30 जून को बारिश की गतिविधियां बेहद व्यापक और तेज हो जाएंगी, जिसके लिए भारी बारिश का यैलो अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग ने स्थानीय लोगों व पर्यटकों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News