Weather Update: हिमाचल में मानसून की रफ्तार धीमी, जानें कहां गर्मी और कहां बारिश
punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 09:09 PM (IST)
शिमला (राजेश): हिमाचल प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून का इंतजार अभी और लंबा खिंच सकता है। सामान्यतः 25 जून के आसपास प्रदेश में प्रवेश करने वाला मानसून इस बार धीमी गति से आगे बढ़ रहा है, जिसके चलते उसके तय समय पर हिमाचल पहुंचने की संभावना कम नजर आ रही है। मौसम विभाग ने 29 जून तक प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान जताया है, लेकिन फिलहाल किसी भी जिले के लिए भारी बारिश या अन्य मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक व्यापक वर्षा की संभावना नहीं है।
पिछले 24 घंटों के दौरान भरमौर में सबसे अधिक 9 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि मनाली में 6 मिमी और काहू में 2.5 मिमी बारिश हुई। मंडी और केलांग में 2-2 मिमी, कुकुमसेरी में 1.8 मिमी तथा बिलासपुर, बरठीं और जोगिंद्रनगर सहित अन्य क्षेत्रों में हल्की वर्षा दर्ज की गई। मंडी के मुरारी देवी क्षेत्र में गर्जना और बिजली चमकने की घटना भी सामने आई। बारिश की सीमित गतिविधियों के बीच मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में तेज धूप खिली रही।
निचले और मैदानी इलाकों में उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के औसत अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटों के दौरान 4.1 डिग्री सैल्सियस की उल्लेखनीय बढ़ौतरी दर्ज की गई। ऊना प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा नेरी में 37.1 डिग्री, बिलासपुर में 36 डिग्री, हमीरपुर में 35.8 डिग्री और सुंदरनगर में 35.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

