Weather Update: प्रदेश में 3 दिन भारी बारिश की चेतावनी, भीषण गर्मी और उमस से लोग बेहाल
punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 07:52 PM (IST)
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश में इन दिनों मौसम का दोहरा रूप देखने को मिल रहा है। जहां एक ओर मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी और उमस से लोग बेहाल हैं, वहीं शिमला और आसपास के क्षेत्रों में बादलों के बीच खिली धूप से तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। इस बीच मौसम विभाग ने 1 से 3 जुलाई तक प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए मानसून के दस्तक देने का अनुमान जताया है। प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में पारे ने तेवर दिखा दिए हैं। ऊना 39.4 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि नेरी में 39.1, बिलासपुर में 37.5 और सुंदरनगर में 36.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। राजधानी शिमला की बात करें तो यहां तापमान में 3 डिग्री की बढ़ौतरी हुई और यह 27.8 डिग्री तक पहुंच गया।
शनिवार को धर्मशाला में 17.1 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई, जबकि राजधानी शिमला में सुबह से बादलों के बीच धूप खिली, लेकिन शाम के समय हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। वहीं, ऊना जिले के बंगाणा में भी बारिश दर्ज की गई। राज्य के अधिकांश हिस्सों में धूप खिली। पिछले 24 घंटों में मशोबरा में सबसे अधिक 40.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा शिल्लारू में 32.6, सुजानपुर टीहरा में 18.4, कुफरी में 15, सोलन में 13.2 और शिमला शहर में 12.6 मिलीमीटर वर्षा हुई। कई इलाकों में आंधी का असर भी दिखा, जिसमें नेरी में 46 किमी प्रति घंटा और मशोबरा में 37 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।
1 से 3 जुलाई तक भारी मानसून की आहट
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून इस बार सामान्य तिथि यानी 25 जून से देरी से चल रहा है। वर्तमान में मानसून मध्य भारत तक सीमित है, लेकिन अगले 3-4 दिनों में इसके उत्तराखंड की ओर बढ़ने की उम्मीद है। विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि 1 से 3 जुलाई के बीच सक्रिय बारिश के साथ हिमाचल में मानसून की औपचारिक दस्तक हो सकती है। इस अवधि के लिए विभाग ने भारी वर्षा का यैलो अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों को भूस्खलन, नालों के उफान और अचानक जलस्तर बढ़ने के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि आगामी दिनों में यातायात और जनजीवन प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।

