विक्रमादित्य सिंह ने की पंजाब में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग

punjabkesari.in Monday, May 30, 2022 - 10:57 PM (IST)

शिमला (राक्टा): पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की निर्मम हत्या पर कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य ने पंजाब में राष्ट्रपति शासन लगाने के साथ ही जांच के लिए हायर पावर कमेटी गठित करने की मांग की है। विक्रमादित्य ने सोमवार को मीडिया से कहा कि पंजाबी गायक मूसेवाला की हत्या को हल्के में नहीं लिया जा सकता है। पंजाब में कुछ समय से असामाजिक तत्वों को बढ़ावा दिया जा रहा है। पहले कोर्ट में ब्लास्ट और चंडीगढ़ में विजीलैंस के दफ्तर में मिसाइल अटैक हुआ। पटियाला में विवादित नारे लगाए जा रहे हैं और अब दिन-दिहाड़े पंजाबी गायक मूसेवाला की हत्या की गई है। 2 दिन पहले ही उनकी सिक्योरिटी को सरकार ने वापस ले लिया था, जबकि उनको लगातार धमकियां मिल रही थीं।

उन्होंने कहा कि मूसेवाला ने पंजाब की संस्कृति को बढ़ाने में काफी योगदान दिया है। उनकी हत्या से पंजाब के करोड़ों लोगों को आघात हुआ है। उन्होंने कहा कि इस मामले पर राजनीति नहीं होनी चाहिए, क्योंकि यह संवेदनशील मामला है। यह पंजाब का ही नहीं बल्कि अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा और देश की आंतरिक सुरक्षा का मामला है। उन्होंने कहा कि पंजाब की सीमाएं पाकिस्तान के साथ लगती हैं और पंजाब में जब भी कुछ  होता है तो उसके आई.एस.आई. के साथ तार जुड़ते हैं।

  उन्होंने कहा कि जब से पंजाब में आप सरकार बनी है, तब से इस तरह के मामले ज्यादा सामने आ रहे हैं। यदि ऐसे मामले पंजाब तक ही सीमित रहते तो इस पर बयानबाजी नहीं करते, लेकिन हिमाचल प्रदेश में भी विवादित झंडे विधानसभा में लगाए जा रहे हैं और धमकियां दी जा रही हैं। पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। ऐसे में पंजाब में राष्ट्रपति शासन लागू किया जाना चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News