Shimla: स्क्रब टाइफस के मिले तीन मरीज, स्वाइन फ्लू का कोई मामला नहीं
punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 06:22 PM (IST)
शिमला (तनुजा): प्रदेश में फिलहाल स्वाइन फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार स्वाइन फ्लू के मामलों की संख्या शून्य है। वहीं, स्क्रब टाइफस के तीन नए मामले सामने आए हैं। इनमें दो मरीज मंडी और एक मरीज शिमला का रहने वाला है। सीएमओ शिमला डा. यशपाल रांटा का कहना है कि बरसात के मौसम में स्क्रब टाइफस का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने लोगों को इस बीमारी को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। स्क्रब टाइफस संक्रमित कीड़े के काटने से फैलता है। समय पर पहचान और उपचार मिलने पर मरीज ठीक हो सकते हैं।
लोगों को सलाह दी गई है कि बरसात के दौरान खेतों, झाड़ियों और घास वाले क्षेत्रों में जाते समय सावधानी बरतें। बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द या अन्य परेशानी होने पर डॉक्टर से जांच करवाएं और बिना सलाह के दवा न लें। अधिकारियों के अनुसार स्वाइन फ्लू को लेकर भी स्वास्थ्य विभाग निगरानी बनाए हुए है। फिलहाल प्रदेश में स्वाइन फ्लू का कोई सक्रिय मामला नहीं है। विभाग की ओर से अस्पतालों में आने वाले संदिग्ध मरीजों पर नजर रखी जा रही है।

