Shimla: हैलीकॉप्टर खराबी के कारण चम्बा नहीं जा पाए मुख्यमंत्री
punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2026 - 06:25 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हैलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी के कारण चम्बा के लिए उड़ान नहीं भर पाए। पहले मुख्यमंत्री का 2 दिवसीय चम्बा दौरे पर जाने का कार्यक्रम था, लेकिन चम्बा के होली में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में राज्य युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी के निधन के बाद उनके कार्यक्रम में परिवर्तन किया गया था। इसके तहत उन्हें चंद्रमणि कुलेठी के अंतिम संस्कार में शामिल होने जाना था, लेकिन हैलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने के कारण उन्हें अन्नाडेल से वापस लौटना पड़ा।
मुख्यमंत्री ने चंद्रमणि कुलेठी के निधन पर शोक प्रकट करते हुए परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में कांग्रेस पार्टी प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत करने में चंद्रमणि कुलेठी के योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

