Shimla: मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दिल्ली में गरजी हिमाचल कांग्रेस

punjabkesari.in Monday, Oct 12, 2026 - 09:17 PM (IST)

शिमला (राक्टा): मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और वोट चोरी के आरोपों को लेकर सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करवाई। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, राज्य सरकार के मंत्रियों, विधायकों और सैंकड़ों की संख्या में पहुंचे पार्टी कार्यकर्त्ताओं ने प्रदर्शन में बढ़चढ़ भाग लिया।

तय कार्यक्रम के तहत प्रदेश के सभी नेता और कार्यकर्त्ता सुबह के समय नई दिल्ली स्थित हिमाचल भवन में एकत्रित हुए, जहां से सभी ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन स्थल के लिए कूच किया। इस दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 2 वर्ष पूर्व वोट चोरी का जो मुद्दा उठाया था, आज उसकी सच्चाई सभी के सामने आ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल वोट चोरी ही नहीं करती, बल्कि चुनी हुई सरकारें गिराकर विधायकों की भी चोरी करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस लोकतंत्र को कांग्रेस पार्टी ने 80 वर्षों तक सींचकर मजबूत किया और जिस व्यवस्था के माध्यम से आज नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने हैं, उसी लोकतांत्रिक ढांचे को कमजोर किया जा रहा है, जो सीधे तौर पर आम जनता की आवाज को दबाने जैसा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वोट जनता की वह ताकत है, जिससे देश की सरकार चुनी जाती है और भविष्य की दिशा तय होती है, जिसकी गरिमा बनाए रखने के लिए कांग्रेस एकजुट है। वहीं विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक के बड़े नेताओं के साथ मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू बस में सवार होकर लोकतंत्र मार्च के लिए रवाना हुए।

राहुल गांधी के नेतृत्व में आर-पार की लड़ाई लड़ रहा विपक्ष : अग्निहोत्री
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वोट चोरी के खिलाफ राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन निर्णायक संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की इस लड़ाई में विपक्ष पूरी ताकत से डटा है और पीछे हटने वाला नहीं है। अग्निहोत्री ने आरोप लगाया कि देश में वोट चोरी, चंदा चोरी और ऑप्रेशन लोटस जैसी गतिविधियां लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उप मुख्यमंत्री ने दिल्ली में बैरिकेडिंग तथा मैट्रो और रेल सेवाओं पर प्रतिबंधों को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने इसे तानाशाहीपूर्ण कार्रवाई बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज करवाने वालों के रास्ते रोकना उचित नहीं है। उन्होंने ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर प्रणाली बहाल करने और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों पर कार्रवाई की पैरवी की।

14 को लाहौल-स्पीति के दौरे पर जाएंगे सीएम
मुख्यमंत्री 14 व 15 अक्तूबर को जिला लाहौल-स्पीति के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह रंगटोक में 2 मैगावाट के सोलर पावर और 1 मैगावाट एमडब्लयूएच बैटरी एनर्जी स्टोरेज सहित 2 सड़कों का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री आइस हॉकी ग्राऊंड काजा में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री ओल्ड एज होम का दौरा भी करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के तहत स्थानीय जनता, महिला व युवक मंडलों से संवाद भी करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News