Shimla: शिक्षिका से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला दर्ज, आरोपी की तलाश
punjabkesari.in Wednesday, Oct 21, 2026 - 05:02 PM (IST)
शिमला (संतोष): जिले के चौपाल थाना क्षेत्र में एक महिला शिक्षिका के साथ रास्ते में छेड़छाड़, पीछा करने और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बीएनएस की विभिन्न धाराओं 126(2), 115(2), 78(2) और 74 के तहत अभियोग दर्ज कर लिया है और आरोपी की धरपकड़ के लिए तलाश तेज कर दी है। पुलिस को दी गई लिखित शिकायत के अनुसार घटना 19 अक्तूबर शाम करीब 4.50 बजे की है। 32 वर्षीय पीड़िता (जो कि एक शिक्षिका हैं), जब स्कूल से अपनी ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रही थीं तो रास्ते में सुरेंद्र पुत्र राम आनंद निवासी गांव शंठा लगातार उसका पीछा कर रहा था।
शिकायत में बताया गया है कि एक सुनसान जगह पर पहुंचकर आरोपी ने महिला का रास्ता रोका, उनके बाल और चेहरा पकड़ लिया तथा उनकी लज्जा भंग करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया, जिससे उनकी गर्दन में गंभीर दर्द हुआ। पीड़िता द्वारा शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के अगले दिन यानी 20 अक्तूबर को पुलिस थाना चौपाल में पीड़िता की शिकायत पर तुरंत मुकद्दमा दर्ज किया गया।

