Himachal: शिमला पुलिस ने पटियाला से दबोचा भगौड़ा, 13 साल पहले किया था ये अपराध
punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 05:00 PM (IST)
शिमला: जिला पुलिस द्वारा भगौड़े अपराधियों के खिलाफ छेड़े गए विशेष अभियान के तहत ढली थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस 13 साल पुराने धोखाधड़ी के एक मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को पंजाब के पटियाला से गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला वर्ष 2013 का है। आरोपी की पहचान बलिजंदर सिंह उर्फ सोनू निवासी गांव बादशाहपुर, पटियाला के रूप में हुई है। सोनू पर आरोप था कि उसे 8 लाख रुपए की सेब की खेप को उसके गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन आरोपी ने विश्वासघात करते हुए न केवल सेब की खेप को बीच में ही ठिकाने लगा दिया, बल्कि माल बेचकर पूरी रकम लेकर फरार हो गया।
इस धोखाधड़ी को लेकर पुलिस थाना ढली में आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 406, 407 और 120(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी पिछले एक दशक से अधिक समय से ठिकाने बदल-बदल कर रह रहा था। लगातार फरार रहने के कारण एलडी सीजेएम की अदालत ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
इसके बाद शिमला पुलिस की एक विशेष टीम ने तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचना के आधार पर पटियाला में दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा। न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी को 17 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में सब जेल कैथू भेज दिया गया है। एसएसपी शिमला का कहना है कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए फरार चल रहे अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितने भी समय से फरार क्यों न हो।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

