Himachal Weather : हिमाचल के इन 3 जिलों में भारी का ऑरेंज अलर्ट, IMD की चेतावनी जारी

punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2026 - 09:46 AM (IST)

Himachal Weather Update : मौसम विभाग ने रविवार को हिमाचल प्रदेश के तीन ज़िलों में कुछ जगहों पर दो दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया। यह अलर्ट सोमवार के लिए कांगड़ा और सिरमौर ज़िलों और मंगलवार के लिए कांगड़ा और मंडी ज़िलों के लिए जारी किया गया है।

राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) के अनुसार, रविवार शाम तक भारी बारिश और उससे जुड़ी घटनाओं के कारण हिमाचल प्रदेश में 118 सड़कें बंद हैं। सबसे ज़्यादा 44 सड़कें मंडी ज़िले में बंद हैं। इसके बाद कुल्लू में 39, शिमला में 13, चंबा में सात, सिरमौर में छह, कांगड़ा में पांच, ऊना में तीन और सोलन ज़िले में एक सड़क बंद है। कम से कम 18 जलापूर्ति परियोजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। रविवार को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। पोंटा साहिब में 38.2 मिमी बारिश हुई, इसके बाद सराहन (25.8 मिमी), घरमौर (5.6 मिमी), धर्मशाला (6.2 मिमी), जोत और कुकुमसेरी (प्रत्येक में 2.8 मिमी), और डेहरा गोपीपुर और कोटखाई (प्रत्येक में 2.3 मिमी) में बारिश दर्ज की गई।

अधिकारियों ने बताया कि 30 जून को मानसून की शुरुआत के बाद से राज्य भर में बारिश से जुड़ी घटनाओं में कम से कम 68 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से 14 लोगों की मौत भूस्खलन और एक की मौत अचानक आई बाढ़ (फ्लैश फ्लड) में हुई है। इस दौरान राज्य को 835 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य में 15 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। वहीं, रविवार को लाहौल-स्पीति ज़िले का केलांग राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News