अब पी.जी.आई., एम्स को भी चलेंगी बसें : अग्रिहोत्री

punjabkesari.in Tuesday, Oct 31, 2023 - 06:27 PM (IST)

शिमला (राजेश): सिरमौर जिले के हरिपुरधार स्थित माता भंगयाणी मंदिर के लिए प्रथम दर्शन सेवा के तहत शिमला से सीधी एच.आर.टी.सी. बस सेवा शुरू हो गई है। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को आई.एस.बी.टी. शिमला से बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर शुरू किया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि देवभूमि हिमाचल में बड़ी संख्या में लोग धार्मिक स्थलों पर जाना चाहते हैं। निगम ने इसके लिए प्रथम दार्शनिक सेवा शुरू की है। जहां-जहां संभव होगा ये सेवा चलाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि करीब 100 बसें मंदिरों के लिए चलाने की योजना है। अमृतसर ब्यास और वृंदावन को भी आने वाले दिनों में बसें चलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि दर्शन सेवा के बाद अब निगम मैडीकल सर्किट बस सेवा भी शुरू की जा रही है जिसमें पी.जी.आई, एम्स बिलासपुर व दिल्ली सहित आई.जी.एम.सी. से टांडा, टांडा से आई.जी.एम.सी. सहित अन्य मैडीकल सॢकट सेवा शुरू की जाएगी जिससे दूरदराज क्षेत्रों से बड़े अस्पतालों में पहुंचने में सुविधा होगी। इस मौके पर प्रबंध निदेशक एच.आर.टी.सी. रोहन चंद ठाकुर, डी.एम. शिमला पंकज शर्मा, आर.एम. शिमला विनोद शर्मा, डी.डी.एम. देवासेन नेगी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

स्मार्ट कार्ड व सम्मान कार्ड पर भी मिलेगी छूट, यह होगा बस का समय
इस बस सर्विस में स्मार्ट कार्ड व सम्मान कार्ड की छूट भी मिलेगी। वहीं महिलाओं को 50 प्रतिशत छूट भी जारी रहेगी। वहीं ये बस सुबह 6.30 पर शिमला से चलेगी और 1.30 पर मां भंगयाणी देवी हरिपुधार पहुंचेगी, वहीं 3 बजे लाणी बोराड़  पहुंचेगी। वहीं अगले दिन सुबह 8 बजे लाणी बोराड़ से चलेगी और शाम को शिमला पहुंचेगी।

वाटर सैस पर केंद्र का रवैया अनुचित
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री वाटर सैस के मामले पर कहा कि पानी राज्य का अधिकार है और बिजली पर टैक्स नहीं लगाया है। उन्होंने कहा कि वाटर सैस के मामले पर केंद्र का पत्र आया है। केंद्र का रवैया अनुचित है। इस मसले पर सरकार केंद्र के सुझाव को नहीं मानेगी। राज्य सरकार को दो बार पहले भी केंद्र ने पत्र लिखा है। दो अन्य राज्यों ने भी वाटर सैस लगाया है। संवैधानिक तौर पर क्या सही है ये केंद्र सरकार नहीं अदालत तय करेगी। यह मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि केंद्र जल्दबाजी न करे। केंद्र का पत्र राजनीति से प्रेरित है। केंद्र सरकार बिजली कंपनियों को गुमराह कर रही है। राज्य सरकार वाटर सैस कमीशन का नाम बदलकर जल आयोग करेगी, पानी से संबंधित कई मुद्दे हैं जो जल आयोग के अधीन लाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य में हो रहा सुधार
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है और सभी टैस्ट सामान्य हैं। कुछ दिन के आराम के बाद वह वापस लौटेंगे। उन्होंने कहा कि ज्यादा चिंता की बात नहीं है। मुख्यमंत्री के पेट में दर्द हुआ था, आई.जी.एम.सी. के डाक्टरों ने उन्हें एम्स से सलाह लेने का सुझाव दिया था। मुख्यमंत्री की सेहत में सुधार है, खाना अच्छे से खा रहे हैं। मुख्यमंत्री जल्द नियमित रूप से कामकाज शुरू करेंगे। वहीं उन्होंने पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की भारी बहुमत से जीत का दावा किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News